कोरबा । अधिवक्ता संघ के चुनाव में इस बार भी गणेश कुलदीप का दबदबा कायम रहा। उन्होंने अध्यक्ष पद के लिए हुए मुकाबले में अपने प्रतिद्वंद्वी संजय जायसवाल को 20 मतों से पराजित कर लगातार दूसरी बार अध्यक्ष पद हासिल किया। इस चुनाव में शिव सोनी तीसरे स्थान पर रहे।

गणेश कुलदीप इससे पहले भी अध्यक्ष रह चुके हैं और यह उनकी कुल तीसरी जीत है। लगातार मिल रही सफलता से यह स्पष्ट है कि अधिवक्ताओं के बीच उनकी पकड़ मजबूत बनी हुई है। परिणाम घोषित होते ही समर्थकों में उत्साह का माहौल देखने को मिला और उन्हें बधाई देने वालों का तांता लग गया।
वहीं, पुरुष उपाध्यक्ष पद पर रवि शर्मा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की। उन्होंने बी.पी. मोदी को 48 मतों के अंतर से हराया। मतगणना में रवि शर्मा को 213 वोट मिले, जबकि बी.पी. मोदी को 168 वोट प्राप्त हुए। तीसरे उम्मीदवार बालक भैया को 138 मत मिले।
चुनाव के नतीजे सामने आते ही अधिवक्ता संघ परिसर में जश्न का माहौल बन गया और विजयी प्रत्याशियों के समर्थकों ने खुशी जाहिर करते हुए एक-दूसरे को मिठाई खिलाई।
