CG : वेदांता पावर प्लांट बॉयलर ब्लास्ट हादसे में 10 श्रमिकों की मौत , 22 से अधिक की हालत गंभीर ,प्लांट के बाहर मजदूरों के परिजनों ने किया हंगामा CM ने जताया शोक ,दोषियों पर सख्त कार्रवाई का दिया आश्वासन …

सक्ती । जिले में स्थित वेदांता पावर प्लांट में हुए भीषण बॉयलर ब्लास्ट मामले में अब बड़ा अपडेट सामने आया है। हादसे में अब तक 10 मजदूरों की मौत की आधिकारिक पुष्टि हो चुकी है, जबकि 22 से अधिक मजदूर घायल बताए जा रहे हैं।यह हादसा मंगलवार दोपहर डभरा थाना क्षेत्र में हुआ, जहां अचानक बॉयलर फटने से प्लांट में अफरातफरी मच गई। विस्फोट इतना भीषण था कि आसपास काम कर रहे मजदूर इसकी चपेट में आ गए और कई लोग बुरी तरह झुलस गए।

सक्ती के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल ने 10 मजदूरों की मौत की पुष्टि की है। वहीं पहले प्रफुल्ल ठाकुर ने 9 मौतों की जानकारी दी थी। बताया जा रहा है कि 3 मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि गंभीर रूप से घायल अन्य मजदूरों को रायगढ़ के निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान कई ने दम तोड़ दिया।

घायलों को बेहतर इलाज के लिए जिंदल फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अस्पताल सूत्रों के अनुसार कई मजदूर 70 से 80 प्रतिशत तक झुलस गए हैं, जिससे उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।हादसे के बाद प्लांट परिसर में अफरातफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। राहत और बचाव कार्य तेजी से शुरू किया गया, हालांकि तब तक बड़ा नुकसान हो चुका था।

इधर, प्लांट के बाहर मजदूरों के परिजनों ने हंगामा शुरू कर दिया। वे अपने परिजनों से मिलने की मांग कर रहे थे और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठा रहे थे। परिजनों का आरोप है कि प्लांट में सुरक्षा मानकों की अनदेखी की गई, जिसके कारण यह बड़ा हादसा हुआ।राजनीतिक स्तर पर भी इस घटना पर प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं। विष्णुदेव साय ने हादसे पर गहरा दुख जताते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है। वहीं भूपेश बघेल ने पीड़ितों के लिए उचित मुआवजा और घायलों के बेहतर इलाज की मांग की है।