KORBA : सक्ती की नई कलेक्टर ने कार्यभार संभालते ही दिखाया एक्शन मोड़ ,जानें जय श्री जैन का सरकारी स्कूल से IAS तक का सफर …

सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में नई कलेक्टर जयश्री जैन के कार्यभार संभालते ही प्रशासनिक व्यवस्था में कसावट देखने को मिल रही है। साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में लंबित प्रकरणों और जनकल्याणकारी योजनाओं की बारीकी से समीक्षा करते हुए उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए। बैठक में उनके कड़े रुख के बाद प्रशासनिक अमले में हलचल तेज हो गई है।

👉एक्शन मोड में नई कलेक्टर जयश्री जैन

मंगलवार को कलेक्टोरेट कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में कलेक्टर जयश्री जैन ने विभिन्न विभागों के लंबित मामलों की एक-एक बिंदु पर समीक्षा की। उन्होंने जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और समय-सीमा के भीतर लंबित प्रकरणों के निराकरण पर विशेष जोर दिया। कलेक्टर ने अधिकारियों को स्पष्ट किया कि योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचना चाहिए और किसी भी स्तर पर अनावश्यक लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

👉सरकारी स्कूल से शुरू हुई शिक्षा

जयश्री जैन की सफलता की कहानी खास तौर पर युवाओं के लिए प्रेरणादायक है। उनकी शुरुआती शिक्षा छत्तीसगढ़ के विश्रामपुर स्थित एक सरकारी स्कूल में हुई। इसके बाद उन्होंने होली क्रॉस कॉलेज से उच्च शिक्षा प्राप्त की। पढ़ाई के दौरान अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए उन्होंने पूरे विश्वविद्यालय में प्रथम स्थान हासिल किया और यूनिवर्सिटी टॉपर बनीं।

👉2005 में बनीं राज्य प्रशासनिक सेवा की अधिकारी

शिक्षा पूरी करने के बाद जयश्री जैन ने प्रशासनिक सेवा की दिशा में कदम बढ़ाया। वर्ष 2005 में वे राज्य प्रशासनिक सेवा (SCS) की अधिकारी बनीं। अपने कार्यकाल के दौरान बेहतरीन प्रशासनिक क्षमता, निष्ठा और कार्यकुशलता के बल पर उन्होंने लगातार महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं। इसके बाद पदोन्नति के जरिए वे 2016 बैच की भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) अधिकारी बनीं।

👉सूरजपुर जिले से पहली महिला IAS होने का गौरव

जयश्री जैन को सूरजपुर जिले से पहली महिला IAS अधिकारी होने का गौरव भी प्राप्त है। उनका प्रशासनिक सफर छत्तीसगढ़ की उन बेटियों के लिए प्रेरणा है, जो सीमित संसाधनों के बावजूद बड़े सपने देखती हैं।

👉इन अहम पदों पर संभाल चुकी हैं जिम्मेदारी

जयश्री जैन अपने प्रशासनिक करियर में कई महत्वपूर्ण पदों पर सेवाएं दे चुकी हैं। वर्ष 2021: बिलासपुर में अपर कलेक्टर के रूप में कार्य किया। वर्ष 2025: राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन की प्रबंध संचालक के रूप में प्रशासनिक जिम्मेदारी संभाली। वन और जलवायु परिवर्तन विभाग: संयुक्त सचिव के रूप में भी महत्वपूर्ण दायित्व निभाए।

अब सक्ती जिले की कलेक्टर के रूप में उनके सामने प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के साथ-साथ शासन की योजनाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाने की बड़ी जिम्मेदारी है। कार्यभार संभालने के शुरुआती दिनों में ही उनके सख्त और सक्रिय तेवरों ने यह संकेत दे दिया है कि सक्ती में प्रशासनिक कामकाज को लेकर जवाबदेही और तेजी पर विशेष फोकस रहने वाला है।