KORBA : ट्रैफिक सिग्नल एवं एडवर्टाइजिंग पोल को टक्कर मारकर क्षतिग्रस्त करने वाला ट्रेलर चालक गिरफ्तार ,टूटे पोल को हटाने का इंतजार….

कोरबा । टीपी नगर चौक स्थित ट्रैफिक सिग्नल एवं एडवर्टाइजिंग पोल को टक्कर मारकर क्षतिग्रस्त करने वाले ट्रेलर चालक को कोरबा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वहीं दुर्घटना के बाद से टूटा हुआ आदमकद सिग्नल पोल अब तक मौके पर ही पड़ा है, जिसे हटाने को लेकर जिम्मेदार विभाग की सुस्ती भी सामने आ रही है।

घटना में ट्रैफिक सिग्नल लाइट, विज्ञापन बोर्ड, काउंटडाउन टाइमर एवं निगम का कैमरा क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे लगभग 1.50 लाख रुपये की क्षति हुई है।

पुलिस के अनुसार 27 अप्रैल 2026 की रात्रि करीब 1:30 बजे ट्रांसपोर्ट नगर चौक स्थित राजस्थानी होटल के सामने ट्रेलर क्रमांक CG 12 BG 7284 का चालक वाहन को तेज एवं लापरवाहीपूर्वक चलाते हुए सिग्नल पोल से टकरा गया। टक्कर से सिग्नल पोल सहित अन्य उपकरण क्षतिग्रस्त हो गए।

इस संबंध में राघव एडवरटाइजिंग कंपनी में कार्यरत दिनेश कुमार आदित्य (49), निवासी रजगामार, ने चौकी सीएसईबी में रिपोर्ट दर्ज कराई। रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 368/2026 के तहत धारा 281 बीएनएस, 184 मोटर व्हीकल एक्ट एवं सार्वजनिक संपत्ति क्षति निवारण अधिनियम 1984 की धारा 3 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

मामले में थाना सिविल लाइन रामपुर एवं चौकी सीएसईबी पुलिस की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी चालक रामलाल अगरिया (24), निवासी ग्राम परला खतौउहा पारा थाना बांगो, को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही घटना में प्रयुक्त ट्रेलर वाहन को भी जब्त किया गया है।

पुलिस ने आरोपी को 29 अप्रैल 2026 को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। इधर, क्षतिग्रस्त सिग्नल पोल को हटाने में हो रही देरी से राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पुलिस ने आमजन से यातायात नियमों का पालन करने एवं सावधानीपूर्वक वाहन चलाने की अपील की है।