दंतेवाड़ा। बस्तर संभाग में नक्सल विरोधी अभियान के तहत सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है, नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखे गए भारी मात्रा में विस्फोटक एवं प्रतिबंधित सामग्री को बरामद किया गया है, हाल ही में नक्सलियों के आत्मसमर्पण के बाद उनके छिपाए गए, डंप को खोजने के लिए सभी जिलों में लगातार सर्चिंग अभियान चलाया जा रहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 02 मई 2026 को सटीक खुफिया सूचना के आधार पर ग्राम तोडमा, थाना बारसूर, जिला दंतेवाड़ा के घने जंगल क्षेत्र में सीआरपीएफ 195वीं वाहिनी एवं दंतेवाड़ा पुलिस के संयुक्त नेतृत्व में सर्च ऑपरेशन चलाया गया,इस दौरान माओवादी कैडरों द्वारा छिपाकर रखे गए,विस्फोटक सामग्री का बड़ा जखीरा बरामद किया गया।
बरामद सामग्री में 75 नग इलेक्ट्रिक डेटोनेटर, 7.62 मिमी SLR राउंड, 5.56 मिमी INSAS राउंड, 7.62×39 मिमी राउंड, 12 बोर राउंड, 12 बोर खाली केस, .303 ब्लैंक कारतूस, BGL कारतूस के खाली केस सहित विभिन्न प्रकार के हथियारों के राउंड शामिल हैं, इसके अलावा 500 ग्राम विस्फोटक, जिलेटिन, सेफ्टी फ्यूज वायर, DMR एवं वायरलेस सेट जैसे संचार उपकरण, एक भरमार राइफल, बैटरियां, कैमरा फ्लैश, इलेक्ट्रिक वायर, यूरिया पाउडर, ग्रेनेड पिन और अन्य दैनिक उपयोग की सामग्री भी जब्त की गई है,साथ ही नक्सली साहित्य भी बरामद हुआ है,ऑपरेशन के बाद सभी जवान सुरक्षित लौट आए। बरामद सामग्री के संबंध में जब्ती पंचनामा तैयार कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
