CG : संगीता सिन्हा को महिला कांग्रेस की कमान ,4 नेत्रियों को पछाड़ बनीं कार्यवाहक प्रदेश अध्यक्ष

रायपुर । छत्तीसगढ़ में कांग्रेस संगठन को लेकर बड़ा फैसला लिया गया है। लंबे समय से प्रदेश महिला कांग्रेस के अध्यक्ष पद पर नई नियुक्ति का इंतजार खत्म हो गया है। पार्टी ने बालोद जिले की संजारी-बालोद विधानसभा से विधायक संगीता सिन्हा को कार्यवाहक प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी है।

इससे पहले संगीता सिन्हा और छन्नी साहू के नाम के बीच पेंच फंसा हुआ था। जनवरी में दिल्ली में इंटरव्यू की प्रक्रिया पूरी हुई थी। इस दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा की मौजूदगी में 5 वरिष्ठ महिला नेत्रियों अनिला भेड़िया, संगीता सिन्हा, छन्नी साहू, ममता चंद्राकर और तुलिका कर्मा ने अपनी दावेदारी पेश की थी।

👉2 नामों पर अटका था मामला

मुकाबला मुख्य रूप से 2 नामों के बीच सिमट गया था। संगठन का एक वर्ग छन्नी साहू के पक्ष में है, जबकि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल खेमे से संगीता सिन्हा की दावेदारी मजबूत बताई जा रही थी। अब संगीता सिन्हा के नाम पर मुहर लग गई है।

👉लंबे इंतजार के बाद मिली जिम्मेदारी

प्रदेश महिला कांग्रेस में नेतृत्व को लेकर काफी समय से असमंजस की स्थिति बनी हुई थी। संगठन के भीतर नए नेतृत्व की मांग लगातार उठ रही थी। ऐसे में पार्टी हाईकमान ने यह अहम निर्णय लेते हुए संगीता सिन्हा पर भरोसा जताया है।

👉संगठन में नई ऊर्जा की उम्मीद

संगीता सिन्हा के कार्यवाहक प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद संगठन में नई सक्रियता आने की संभावना जताई जा रही है। पार्टी नेताओं का मानना है कि उनके नेतृत्व में महिला कांग्रेस जमीनी स्तर पर और मजबूत होगी तथा महिलाओं से जुड़े मुद्दों को अधिक प्रभावी तरीके से उठाया जाएगा।

👉राजनीतिक अनुभव का मिलेगा फायदा

संजारी-बालोद विधानसभा क्षेत्र से विधायक होने के नाते संगीता सिन्हा को जमीनी राजनीति का अच्छा अनुभव है। इससे संगठन को रणनीतिक रूप से मजबूती मिलने की उम्मीद है। उनके पास क्षेत्रीय मुद्दों की समझ के साथ-साथ संगठन को सक्रिय करने की क्षमता भी मानी जा रही है।