KORBA : फर्जी बैंक स्टेटमेंट ,अनुभव प्रमाणपत्र से प्रशिक्षण अधिकारी के पद पर करता रहा नौकरी ,अब पहुंचा हवालात …..

कोरबा। फर्जी अनुभव प्रमाण पत्र तथा फर्जी बैंक स्टेटमेंट प्रस्तुत कर उक्त दस्तावेजों के आधार प्रशिक्षण अधिकारी के पद पर नौकरी प्राप्त आरोपी को जेल दाखिल करा दिया गया है। 9 माह तक नौकरी में उसने लगभग 5 लाख रूपये का वेतन प्राप्त कर लिया और कार्यवाही के भय से जांच के दौरान ही नौकरी से इस्तीफा दे दिया था। कार्यालय संयुक्त संचालक (प्रशिक्षण) क्षेत्रीय कार्यालय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थाएँ बिलासपुर की शिकायत पर जांच हुई।

👉 920 पदों पर भर्ती की कार्यवाही

बताया गया कि संचालनालय रोजगार एवं प्रशिक्षण छत्तीसगढ़ नवा रायपुर के अधीनस्थ औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थाओं में प्रशिक्षण अधिकारियों के 920 पदों पर भर्ती की कार्यवाही की जा रही है। उक्त प्रशिक्षण अधिकारी की भर्ती में आरोपी अनिकेत कर्ष पिता उबारी लाल कर्ष 37 वर्ष, पता- एमआईजी 1/5 एम पी नगर कोरबा ने कूटरचित दस्तावेज प्रस्तुत कर छल पूर्वक नियुक्ति प्राप्त कर अत्यंत ही गंभीर एवं अपराधिक कृत्य किया है।

👉सत्यापन समिति ने सत्यापित किए थे दस्तावेज

अनिकेत कर्ष प्रशिक्षण अधिकारी व्यवसाय कम्प्यूटर ऑपरेटर एण्ड प्रोग्रामिंग असिस्टेंट के पद पर औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था करतला में 3 वर्ष की परिवीक्षा अवधि पर पदस्थ किया गया था। उक्त नियुक्ति आदेश के अनुक्रम में श्री कर्ष द्वारा 13.03.2024 को कार्य ग्रहण किया गया। श्री कर्ष द्वारा दस्तावेज सत्यापन के दौरान प्रिंसटन इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी फॉर वुमेन तेलंगाना के पत्र क्रमांक PETW/EXP/23/09 दिनांक 22.05.2023 के माध्यम से जारी अनुभव प्रमाण पत्र प्रस्तुत किया गया था जिसमें दिनांक 12.05.2014 से दिनांक 24.01.2017 तक असिस्टेंट प्रोफेसर के पद पर कार्यरत रहने एवं कम्प्यूटर साइंस इंजीनियरिंग व्यवसाय/संकाय में शैक्षणिक कार्य संपादित किये जाने का उल्लेख है। श्री कर्ष का दस्तावेज सत्यापन बिलासपुर जोन की दस्तावेज सत्यापन समिति के समक्ष हुआ। श्री कर्ष द्वारा दावा-आपत्ति आवेदन पत्र दिनांक 05.09.2023 के साथ आईडीबीआई बैंक के खाता द्वारा सत्यापित वेतन भुगतान विवरण की छायाप्रति व दिनांक 09.10.2023 को पुनः श्री कर्ष के अनुभव जारी करने वाली संस्थान प्रिंसटन इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी फॉर वुमेन तेलंगाना द्वारा सत्यापित वेतन भुगतान विवरण दस्तावेज सत्यापन समिति के समक्ष प्रस्तुत किया गया। उक्त आधार पर दस्तावेज सत्यापन समिति द्वारा 23.01.2024 को श्री कर्ष को विषयाधीन पद हेतु पात्र किया गया।

👉बैंक स्टेटमेंट में विसंगति से पकड़ाया मामला

संचालनालय रोजगार एवं प्रशिक्षण छत्तीसगढ़ नवा रायपुर के द्वारा अभ्यर्थियों द्वारा प्रस्तुत बैंक स्टेटमेंट का सत्यापन संबंधित बैंक से करवाये जाने हेतु निर्देशित किया गया था। श्री कर्ष को हुए वेतन भुगतान के सत्यापन हेतु अवधि 01.05.2014 से 31.03. 2017 के आईडीबीआई बैंक का खाता सत्यापन बिलासपुर जोन दस्तावेज सत्यापन समिति द्वारा कराया गया। 13.11.2024 में बैंक वेरिफिकेशन संबंधी बिन्दु पर अनिकेत कर्ष के द्वारा प्रस्तुत बैंक स्टेटमेंट में विसंगति पाई गई।
(1) श्री कर्ष द्वारा दस्तावेज सत्यापन समिति को उपलब्ध कराये गये बैंक स्टेटमेंट में दिनांक 01-01-2016 से 31-12-2016 के मध्य इन्द्राज वेतन भुगतान राशि माह जनवरी, फरवरी, मार्च, मई, जुलाई, सितम्बर, अक्टूबर, नवम्बर व दिसम्बर में राशि रू.15600, माह अप्रैल, अगस्त में रू.14594 व माह जून में रू.15097 फर्जी व अवैध तरीके से दर्ज की गई। इस प्रकार प्रस्तुत अनुभव प्रमाण पत्र सही नहीं है। उसे सही प्रमाणित करने के लिए श्री कर्ष द्वारा अवैध कृत्य किया गया है।
कूटरचित दस्तावेज प्रस्तुत कर छलपूर्वक प्राप्त नियुक्ति अमान्य करते हुए सेवा समाप्त किये जाने संबंधी कारण बताओ सूचना पत्र जारी कर7 दिवस के भीतर जवाब मांगा गया था।
इस तरह उसके विरूद्ध एफ.आई.आर. दर्ज कर नियमानुसार दाण्डित कार्यवाही कराने सम्बन्धी पत्र पर जांच उपरांत ए.के. सोनी, संयुक्‍त संचालक की रिपोर्ट पर अनिकेत कर्ष के विरुध्द धारा 318(2), 336(3), 338, 340(2)-BNS के तहत जुर्म दर्ज कर लिया है।