KORBA : चोंरों का आतंक ,30 मीटर ऊंची हाईमास्ट टॉवर से180 लाइट कर दिया पार ,स्कूल के पंचायत के बोर भी निशाने पर …

कोरबा। जिले में इन दिनों चोरों के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि अब वे किसी एक जगह तक सीमित नहीं रह गए हैं। रोड किनारे लगी हाईमास्ट लाइटें हों, स्कूल का सामान हो या ग्रामीण पेयजल व्यवस्था से जुड़ी पंचायत संपत्ति, हर जगह चोर हाथ साफ कर रहे हैं। लगातार सामने आ रही चोरी की घटनाओं ने पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

एक और बड़ी वारदात कुसमुण्डा थाना क्षेत्र में सामने आई, जहां SECL साइडिंग में कार्यरत कंपनी की विद्युत व्यवस्था को निशाना बनाया गया। जगदम्बा इंजिनियर्स एंड बिल्डर्स, बीकानेर के प्रोजेक्ट इंचार्ज दामोदर प्रसाद सारस्वत ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि लक्ष्मण साइलो साइडिंग में लगाए गए 30 मीटर ऊंचे 15 हाईमास्ट टावरों से 180 नग ( प्रति नग 400 वॉट) लाइट चोरी कर ली गई।
बताया गया कि 26 से 28 अप्रैल के मध्य 33 हाईमास्ट टावरों में से 15 टावरों को निशाना बनाते हुए चोरों ने लाइटें उखाड़ लीं, वहीं विद्युत पैनल, वायरिंग और अन्य उपकरणों में भी तोड़फोड़ की गई। घटना गेवरा टिपर रोड पर दुर्गा माता मंदिर से गंगानगर क्रासिंग तक अलग-अलग स्थानों पर हुई। कंपनी के अनुसार अभी यह प्रोजेक्ट SECL को हैंडओवर भी नहीं किया गया था। मामले में पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ BNS की धारा 303(2) के तहत अपराध दर्ज किया है।

इधर, दर्री थाना क्षेत्र में चोरों ने स्कूल को भी नहीं छोड़ा। सलिहाभाठा प्राथमिक शाला में गर्मी की छुट्टी का फायदा उठाकर अज्ञात चोरों ने खिड़की तोड़कर,रॉड मोड़कर स्कूल के कमरों के भीतर प्रवेश किया और 4/सिलिंग फैन, 3 ट्यूबलाइट, 3 CFL बल्ब, एक साउंड बॉक्स तथा एक वायर बंडल चोरी कर ले गए। प्रधान पाठक सुनील ने बताया कि स्कूल के सभी कमरों में ताले लगे थे, लेकिन पीछे की खिड़की तोड़कर चोरी की गई। घटना की जानकारी सफाईकर्मी द्वारा फोन पर दी गई थी। पुलिस ने इस मामले में धारा 305 और 331(3) BNS के तहत अपराध दर्ज किया है।
इसी कड़ी में उरगा थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत कुदरी-कुरुडीह में पंचायत की संपत्ति पर चोरों ने हाथ साफ कर दिया। ग्राम उपसरपंच किशन कुमार मरावी ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि दोड़का खार मोहल्ला वार्ड 10 में संतरा बाई के घर के पास पंचायत द्वारा लगाए गए बोर मशीन, पैनल, केबल और सर्विस वायर चोरी कर लिए गए हैं। इसी तरह ग्राम कुदरी में सुशीला बाई के घर के पास से बोर कनेक्शन सर्विस तार को चोरी कर लिया गया। मामले में पुलिस ने धारा 303(2) BNS के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
लगातार हो रही इन घटनाओं ने आम लोगों में भय का माहौल पैदा कर दिया है। लोगों का कहना है कि यदि जल्द सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो आने वाले दिनों में अपराधियों के हौसले और बढ़ सकते हैं।