कोरिया । जिले के सोनहत तहसील अंतर्गत ग्राम कटगोड़ी में भाजपा नेता भरत सिंह गहरवार उर्फ लल्ला सिंह की हत्या के बाद क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं। कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोकने के लिए कलेक्टर रोक्तिमा यादव ने चिन्हित क्षेत्रों में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 163 लागू करने के आदेश जारी किए हैं।

जारी आदेश के अनुसार बैकुंठपुर के महलपारा, नौगई क्षेत्र तथा ग्राम कटगोड़ी स्थित भरत सिंह के क्रेशर प्लांट क्षेत्र के 300 मीटर के दायरे में विशेष प्रतिबंध लागू किए गए हैं। प्रशासन ने आशंका जताई है कि घटना के बाद क्षेत्र में शांति भंग हो सकती है, इसलिए एहतियात के तौर पर यह निर्णय लिया गया है।
धारा 163 लागू होने के बाद प्रतिबंधित क्षेत्रों में किसी भी प्रकार के घातक अस्त्र-शस्त्र, हथियार अथवा विस्फोटक सामग्री लेकर चलने पर रोक लगा दी गई है। इसके अलावा जुलूस, धरना-प्रदर्शन, आमसभा और अन्य सार्वजनिक आयोजनों पर भी प्रतिबंध रहेगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में भड़काऊ नारेबाजी, आपत्तिजनक पोस्टर, पंपलेट अथवा किसी भी प्रकार की ऐसी गतिविधियों की अनुमति नहीं होगी, जिससे सामाजिक सौहार्द प्रभावित होने की आशंका हो।

गौरतलब है कि मंगलवार को हुए एक पुराने विवाद ने देर रात हिंसक रूप ले लिया। पुलिस के अनुसार रात करीब 10:30 बजे भरत सिंह गहरवार उर्फ लल्ला सिंह अपने साथियों योगेन्द्र सिंह, विरेन्द्र सिंह, मयंक सिंह और नागेन्द्र सिंह के साथ ग्राम कटगोड़ी में मनोज त्रिपाठी के घर के सामने पहुंचे थे। इसी दौरान पुराने विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बीच तनाव बढ़ गया।
आरोप है कि मनोज त्रिपाठी, निशांत त्रिपाठी और अन्य लोगों ने भरत सिंह की फॉर्च्यूनर वाहन पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। आग की चपेट में आने से भरत सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। घटना में उनके साथ मौजूद अन्य लोग भी गंभीर रूप से झुलस गए।
इस दर्दनाक घटना में घायल नागेन्द्र सिंह और विरेन्द्र सिंह ने भी उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं अन्य घायलों का उपचार जारी है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।
पुलिस और प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए प्रभावित क्षेत्रों में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात कर दिए हैं। वरिष्ठ अधिकारी लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति बनाए रखने की अपील की है।
उधर, पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है और घटना में शामिल आरोपियों की गिरफ्तारी तथा साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई जारी है। अधिकारियों का कहना है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल प्रशासन की प्राथमिकता क्षेत्र में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखना है, ताकि घटना के बाद किसी प्रकार का सामुदायिक तनाव या हिंसक प्रतिक्रिया उत्पन्न न हो।
