कोलकाता । दक्षिण कोलकाता के तारातला ट्रांसपोर्ट डिपो के पास बुधवार दोपहर 12:07 बजे निर्माणाधीन गोदाम का शेड गिर गया। हादसे में अब तक 5 लोगों की मौत हो चुकी है। मलबे में दबे 20 लोगों का रेस्क्यू कर लिया गया है, जिनमें दो आईसीयू में है। अन्य 18 की हालत खतरे से बाहर है।
मौके पर मौजूद युवक ने मलबे में दबे एक मजदूर का पैर पकड़कर रेस्क्यू टीम को उसकी सही जगह तक पहुंचने में मदद की, जिसके बाद टीम ने उसे बाहर निकाला।

युवक ने बताया कि मलबे में फंसा मजदूर दर्द से कराहते हुए बार-बार कह रहा था- ‘मैंने अपना पैर खो दिया है, अगर जरूरत हो तो पैर का बाकी हिस्सा काटकर मुझे बाहर निकालो, बस मेरी जान बचा लो।’


सीएम शुभेंदु ने बताया कि अभी भी मलबे में 10 से 15 लोगों के दबे होने की आशंका है। हादसे के वक्त गोदाम में कितने लोग मौजूद थे, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है। लापरवाही के आरोप में 3 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
👉सरकार ने हेल्पलाइन नंबर जारी किए
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। मुख्यमंत्री के साथ मंत्री अग्निमित्रा पॉल और कौशिक चौधरी समेत कई मंत्री भी मौजूद रहे। राज्य सरकार ने लोगों की मदद के लिए हेल्पलाइन नंबर 1070, 8697981070 और 033-22143526/22535185 जारी किए हैं।
जानकारी के मुताबिक गोदाम की जमीन ओडिशा के व्यवसायी की थी जिन्होंने किसी प्रायवेट फर्म को इसे लीज पर दिया था।
👉पिछले 10 सालों में निर्माण कार्य के दौरान हुए बड़े हादसे-
- मार्च 2024, कोलकाता: गार्डन रीच इलाके में पांच मंजिला निर्माणाधीन इमारत गिरने से 12 लोगों की मौत हुई थी। जांच में बिना मंजूरी निर्माण और नियमों के उल्लंघन की बात सामने आई थी।
- जुलाई 2023, ठाणे (महाराष्ट्र): निर्माणाधीन इमारत का स्लैब गिरने से 7 मजदूरों की मौत और कई घायल हुए थे।
- जून 2023, मुंबई: बांद्रा में निर्माणाधीन इमारत का हिस्सा गिरने से कई मजदूर घायल हुए थे।
- सितंबर 2022, अहमदाबादः निर्माणाधीन इमारत का एक हिस्सा ढहने से मजदूर मलबे में दब गए थे।
- 2016, कोलकाता का विवेकानंद फ्लाईओवरः निर्माणाधीन फ्लाईओवर गिरने से 27 लोगों की मौत हुई थी। यह पश्चिम बंगाल के सबसे बड़े निर्माण हादसों में गिना जाता है।
सोर्स -dainik.bhaskar.com
