बैकुंठपुर -कोरिया । जिले के चर्चित तिहरे हत्याकांड को लेकर प्रदेश की राजनीति गर्मा गई है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पीड़ित परिवार से मुलाकात के बाद मामले की जांच पर सवाल उठाते हुए सरकार को कटघरे में खड़ा किया। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए निष्पक्ष जांच जरूरी है और मामले की जांच केंद्रीय एजेंसी CBI से कराई जानी चाहिए।
पीड़ित परिवार से चर्चा के बाद पूर्व मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि अब तक हुई कार्रवाई से कई सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस मामले की सच्चाई सामने आनी चाहिए और दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए।
👉क्षेत्रीय विधायक पर भी साधा निशाना
मामले को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री ने क्षेत्रीय विधायक की भूमिका पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि इतने गंभीर मामले में जनप्रतिनिधियों को पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़ा होना चाहिए था। विपक्ष ने इसे संवेदनशील मामला बताते हुए सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
👉CBI जांच की मांग ने बढ़ाया सियासी दबाव

पूर्व मुख्यमंत्री की ओर से CBI जांच की मांग उठाए जाने के बाद मामले ने नया राजनीतिक मोड़ ले लिया है। विपक्ष का कहना है कि निष्पक्ष जांच और जनता के विश्वास को बनाए रखने के लिए केंद्रीय एजेंसी से जांच कराई जानी चाहिए।
इधर, तिहरे हत्याकांड को लेकर प्रदेश में राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। आने वाले दिनों में यह मामला और अधिक सियासी तूल पकड़ सकता है। फिलहाल, पूरे मामले पर सरकार की प्रतिक्रिया का इंतजार किया जा रहा है।
