केतन अग्रवाल हत्याकांड ,सिया का पुलिस के सामने हैरान करने वाला बयान ,कहा -‘केतन को मारना मेरे परिवार का सामना करने से ज्यादा आसान था, मामले की गुत्थी सुलझाने क्राइम सीन रीक्रिएट करेगी पुलिस…

पुणे । युवा बिजनेसमैन केतन अग्रवाल की हत्या का मामला इस समय पूरे महाराष्ट्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। उनकी मंगेतर सिया गोयल ने अपने बॉयफ्रेंड चेतन चौधरी के साथ मिलकर अपने होने वाले पति को रास्ते से हटाने की साजिश रची।

18 जून को दोनों ने केतन को लोहगढ़ किले से 400 फीट गहरी खाई में धकेलने की योजना को अंजाम दिया और घटना को ऐसा दिखाया जैसे यह गलती से गिरने का मामला हो। हालांकि पुलिस ने गहन जांच के बाद इस मामले को सुलझा लिया और सिया गोयल और चेतन चौधरी दोनों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने कई अहम बातें और खुलासे किए हैं। साथ ही एक-दूसरे पर आरोप भी लगाए हैं। इसी बीच, उनकी पूछताछ से एक बड़ी जानकारी सामने आई है।

👉पुलिस की पूछताछ पर सिया का जवाब

जब पुलिस ने केतन अग्रवाल हत्याकांड में गिरफ्तार आरोपी सिया गोयल से पूछा कि अगर वह केतन को पसंद नहीं करती थी तो उसने अपने परिवार को यह बात क्यों नहीं बताई? तो उसने जवाब दिया कि मैं अपने परिवार को दुख नहीं पहुंचाना चाहती थी। मैं उन्हें परेशान नहीं देख सकती थी। इसके बजाय केतन को रास्ते से हटाने की साजिश रचना आसान लगा, इसलिए हमने वह योजना बनाई। ट्रेकिंग के दौरान खाई में गलती से गिरने के अलावा किसी और चीज का शक होना नामुमकिन था। लोहगढ़ में कोई CCTV कैमरा भी नहीं था। पुलिस सूत्रों ने बताया कि पूछताछ के दौरान सिया ने यह चौंकाने वाला जवाब दिया।

👉केतन का विग पहनना नहीं था पसंद

पुलिस के मुताबिक, सिया गोयल ने यह भी कहा कि उसे केतन अग्रवाल इसलिए पसंद नहीं था क्योंकि वह विग पहनता था। जब उससे पूछा गया कि उसने कभी अपने परिवार को यह क्यों नहीं बताया कि वह शादी नहीं करना चाहती, तो उसने कहा कि वह उन्हें दुख नहीं पहुंचाना चाहती थी। उधर, केतन के पिता विशाल अग्रवाल ने पुष्टि की कि उनका बेटा बालों का एक छोटा पैच (विग) पहनता था और कहा कि सगाई से पहले ही सिया गोयल और उसके परिवार को इस बारे में बता दिया गया था।

👉मामले की गुत्थी सुलझाने को क्राइम सीन रीक्रिएट करेगी पुलिस

केतन मर्डर केस की जांच लगातार आगे बढ़ रही है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, अब तक इस मामले में सात लोगों के बयान दर्ज किए जा चुके हैं। मामले की गुत्थी सुलझाने के लिए पुणे ग्रामीण पुलिस अब लोहागढ़ फोर्ट पर घटनास्थल का क्राइम सीन रीक्रिएट करने की तैयारी कर रही है। सूत्रों के मुताबिक, इसकी पूरी योजना तैयार कर ली गई है लेकिन पूरे ऑपरेशन को बेहद गोपनीय रखा गया है। क्राइम सीन रीक्रिएशन के दौरान पुलिस यह समझने की कोशिश करेगी कि सिया और उसके प्रेमी चेतन ने पूरी वारदात को कैसे अंजाम दिया।
जांच टीम यह भी देखेगी कि घटना के समय केतन, सिया और चेतन किस-किस जगह पर मौजूद थे, धक्का किस स्थिति में दिया गया और उसके बाद शव कितनी दूरी तक खाई में गिरा। इसके लिए डमी बॉडी का इस्तेमाल किया जाएगा।