महाराष्ट्र। महाराष्ट्र के अमरावती जिले में समृद्धि महामार्ग पर शुक्रवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। धामणगांव रेलवे के पास चैनल नंबर 97 पर ट्रक और टेम्पो पिकअप की जोरदार टक्कर में सात लोगों की मौत हो गई, जबकि 19 लोग घायल बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घायलों को तत्काल धामणगांव ग्रामीण अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। घायलों में चार से पांच लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक टेम्पो पिकअप में सवार लोग महाराष्ट्र के बुलढाणा जिले के शेगांव से दुर्गा देवी की मूर्ति लेकर वर्धा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान धामणगांव रेलवे के पास समृद्धि महामार्ग के चैनल नंबर 97 पर टेम्पो पिकअप और ट्रक के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई।टक्कर इतनी भीषण थी कि टेम्पो में सवार सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू किया।
हादसे की सूचना मिलते ही धामणगांव रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय नागरिकों और पत्रकारों ने भी घायलों को बाहर निकालने और अस्पताल पहुंचाने में मदद की। एंबुलेंस के अलावा अन्य वाहनों से घायलों को धामणगांव ग्रामीण अस्पताल ले जाया गया।अस्पताल पहुंचने के बाद डॉक्टरों ने घायलों का उपचार शुरू किया। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने भी अस्पताल पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
👉19 घायल, 4 से 5 की हालत गंभीर

अमरावती ग्रामीण एसपी निकेतन कदम के मुताबिक, हादसे में कुल 19 लोग घायल हुए हैं, जबकि सात लोगों की मौत हुई है। घायलों में चार से पांच लोगों की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है। वहीं करीब 14 से 15 घायलों की स्थिति फिलहाल स्थिर बताई गई है और उन्हें आउट ऑफ डेंजर बताया गया है। हादसे की सूचना मिलने के बाद अमरावती ग्रामीण एसपी निकेतन कदम और धामणगांव की नगराध्यक्ष अर्चना रोठे भी अस्पताल पहुंचीं। उन्होंने घायलों की स्थिति की जानकारी ली और अस्पताल में इलाज की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। पुलिस ने दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है। ट्रक और टेम्पो के बीच टक्कर किन परिस्थितियों में हुई और हादसे की वास्तविक वजह क्या थी, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ प्रत्यक्षदर्शियों से भी जानकारी ले रही है। हादसे पर महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार ने भी दुख जताया। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए हादसे में जान गंवाने वालों को श्रद्धांजलि दी और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।उन्होंने कहा कि नवरात्रोत्सव के लिए दुर्गा देवी की मूर्ति लाने गए युवकों के साथ हुआ यह हादसा बेहद दुखद है। उन्होंने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की।फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। हादसे में मृतकों और घायलों की विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।
