KORBA : शहर में दिनदहाड़े चोरी की घटनाओं से कानून व्यवस्था पर उठे सवाल ,सोने की अंगूठी छीनी , चेन स्नेचिंग की कोशिश

0 दर्री और सिविल लाइन थाना क्षेत्र की घटना, आरोपियों की तलाश जारी

कोरबा। ग्रामीण दंपत्ति से दो अज्ञात व्‍यक्तियों द्वारा उसके सोने की दो अंगूठी को झपटकर भाग जाने के मामले में अपराध कायम कर विवेचना की जा रही है।

जानकारी के मुताबिक, धागाराम पिता स्व. सालिकराम कर्ष, 65 वर्ष निवासी बेंदरकोना थाना सिविल लाईन रामपुर घटना दिनांक 30. 09.2026 को बलगी जा रहा था। उसका बलगी निवासी दोस्त फेकूराम यादव एसईसीएल बलगी से सेवानिवृत्त हो रहा था जिसे बधाई देने के लिए पत्नी रामवती कर्ष के साथ घर बेंदरकोना से बलगी जाने सुबह करीबन 9 बजे अपनी हीरो स्प्लेंडर मोटर सायकल क्रमांक CG-12-BA-1920 से निकला था। दर्री में प्रगतिनगर सीआईएसएफ फायर ऑफिस के पास पहुंचा था तभी सुबह करीबन 10 बजे से 10:20 बजे के मध्य दो अज्ञात व्यक्ति एक मोटर सायकल में इनके पीछे-पीछे दर्री तरफ से आये और रुकवाकर पहले दोनों व्यक्ति नमस्ते किये और बोले कि आपको हम लोग दर्री डैम के पास आवाज दिये आप नहीं रुके। आपको नहीं मालूम है क्या कि कल एक महिला को चाकू मारकर उसका मर्डर कर उसके सोने-चांदी के जेवर को लूट लिये हैं। हम लोग पुलिस वाले हैं। सिविल कपड़े में लोगों को रोक कर समझाईश दे रहे है। आप भी सोना-चांदी पहने हो तो उसे पाकिट में निकालकर रख लो। तब धागाराम अपने दाहिने हाथ में पहने दो नग सोने की अंगूठी को निकालकर अपने फुल पैंट के जेब में रख लिया। पीछे बैठी मेरी पत्नी रामवती कर्ष गले में पहने सोने के मंगलसूत्र को अपने बैग में रख ली। इसके बाद वे दोनो व्यक्ति बोले कि भैय्या आप जो अंगूठी अपनी जेब में रखे हो, हमें दिखाओं हमको एंट्री करना है।अपने जेब से दोनों सोने की अंगूठी को निकालकर दिखा रहा था तभी उसी समय उनमें से एक व्यक्ति हाथ से झपटकर पीछे खड़े किये अपनी मोटर सायकल को स्टार्ट कर दोनों दर्री मेन रोड की ओर भाग गये। पीड़ित हड़बड़ी में मोटर सायकल का नंबर नहीं देख पाया और उनका पीछा भी नहीं कर पाया। धागाराम कर्ष की रिपोर्ट पर मोटर सायकल सवार दो अज्ञात व्‍यक्ति के विरुद्ध धारा 3(5), 304(2) BNS के तहत जुर्म दर्ज कर पता तलाश किया जा रहा है।

👉 कोरबा में दिनदहाड़े चेन स्नेचिंग का प्रयास

दूसरा मामला शहर के एमपी नगर मुख्य मार्ग पर दिनदहाड़े सामने आया है। शिवाजी नगर निवासी कांता बनवाल अपनी बेटी के साथ टहलने के लिए घंटाघर की ओर जा रही थीं। इसी दौरान एमपी नगर मुख्य मार्ग पर बाइक सवार दो युवक उनके पास पहुंचे और महिला के गले से चेन खींचने का प्रयास किया। अचानक हुई इस घटना में महिला सड़क पर गिर गईं। हालांकि, चेन स्नेचिंग की कोशिश नाकाम रही और दोनों युवक मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही रामपुर सिविल लाइन थाना प्रभारी आस्था शर्मा अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचीं और घटनास्थल का जायजा लेते हुए जांच शुरू की। नगर पुलिस अधीक्षक प्रतीक चतुर्वेदी भी घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली।