CG :सड़क किनारे खड़ी छठवीं कक्षा की छात्रा को तेज रफ्तार ट्रक ने कुचला , मौके पर ही मौत …

मोहला। छत्तीसगढ़ के मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले के गुंडरदेही गांव में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 12 वर्षीय छात्रा पूनम की मौत हो गई। सड़क किनारे खड़ी छठवीं कक्षा की छात्रा को तेज रफ्तार ट्रक ने कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी चालक देवी सिंह, जो उत्तर प्रदेश का निवासी बताया जा रहा है, कथित रूप से नशे की हालत में था। पकड़े जाने के डर से उसने ट्रक को करीब 120 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ाया।

👉बैरिकेड्स तोड़े, पुलिसकर्मियों को कुचलने की कोशिश

आरोपी सबसे पहले मोहला थाना क्षेत्र के नाके पर पहुंचा, जहां पुलिस ने उसे रोकने की कोशिश की। लेकिन चालक ने रफ्तार कम करने के बजाय बैरिकेड्स तोड़ते हुए ट्रक आगे बढ़ा दिया। इसके बाद मानपुर थाना क्षेत्र में दोबारा घेराबंदी की गई, लेकिन वहां भी चालक ने बैरिकेड्स उड़ा दिए। इस दौरान ड्यूटी पर मौजूद पुलिस अधिकारी और जवान बाल-बाल बच गए।

👉55 किलोमीटर तक पीछा, कोरकोट्टी के पास पकड़ा गया चालक

लगातार पीछा करती पुलिस टीमों ने मानपुर और कोहका थाना क्षेत्र के बीच कोरकोट्टी गांव के पास ट्रक को चारों तरफ से घेर लिया। खुद को घिरता देख चालक ने ट्रक मोड़ने की कोशिश की, लेकिन तेज रफ्तार के कारण वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में उतर गया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया। घायल चालक को इलाज के लिए मानपुर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

👉बच्ची की मौत पर भड़के ग्रामीण

घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने पूनम का शव सड़क पर रखकर चक्काजाम किया और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई तथा पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की। प्रशासन और पुलिस अधिकारियों के आश्वासन के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए अंबागढ़ चौकी अस्पताल भेज दिया गया है।