CG : रथयात्रा में पुरी जाने वाले यात्रियों के लिए बड़ी राहत, रेलवे चलाएगा गोंदिया -पुरी के बीच स्पेशल ट्रेन, जानिए पूरा शेड्यूल …

बिलासपुर। भगवान जगन्नाथ के रथयात्रा में पुरी जाने वाले छत्तीसगढ़ के श्रद्धालुओं के लिए अच्छी खबर है। यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए रेलवे ने गोंदिया और पुरी के बीच रथयात्रा स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला किया है। इससे छत्तीसगढ़ और ओडिशा के यात्रियों को अतिरिक्त सुविधा मिलेगी। हालांकि, यह स्पेशल ट्रेन बिलासपुर स्टेशन से होकर नहीं गुजरेगी।

रेलवे द्वारा जारी जानकारी के अनुसार ट्रेन नंबर 08801 गोंदिया–पुरी रथयात्रा स्पेशल का संचालन चार फेरों में किया जाएगा। यह ट्रेन 2, 9, 16 और 29 जुलाई 2026 को गोंदिया से दोपहर 1:30 बजे रवाना होगी। वहीं, वापसी में ट्रेन नंबर 08802 पुरी–गोंदिया स्पेशल 3, 10, 17 और 30 जुलाई 2026 को पुरी से दोपहर 1:00 बजे रवाना होगी। रेलवे का कहना है कि रथयात्रा के दौरान अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए यह विशेष व्यवस्था की गई है, ताकि श्रद्धालुओं को यात्रा में किसी तरह की परेशानी न हो।

👉इन स्टेशनों पर मिलेगा ठहराव

गोंदिया-पुरी रथयात्रा स्पेशल ट्रेन डोंगरगढ़, राजनांदगांव, दुर्ग, रायपुर, महासमुंद, खरियार रोड, कांटाबांजी, टिटलागढ़, बलांगीर, बरगढ़ रोड, संबलपुर, अंगुल, तालचेर रोड, ढेंकानाल, कटक, भुवनेश्वर और खुर्दा रोड स्टेशनों पर रुकेगी।

👉बिलासपुर के यात्रियों को नहीं मिलेगा सीधा लाभ

हालांकि यह स्पेशल ट्रेन बिलासपुर स्टेशन से होकर नहीं चलेगी, लेकिन रायपुर, दुर्ग और राजनांदगांव समेत कई प्रमुख स्टेशनों के यात्रियों को इसका लाभ मिलेगा। बिलासपुर के यात्रियों को इस ट्रेन का उपयोग करने के लिए निकटवर्ती स्टेशनों तक जाना होगा। रथयात्रा के दौरान हर साल पुरी जाने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में उल्लेखनीय बढ़ोतरी होती है। ऐसे में रेलवे की ओर से चलाई जा रही यह स्पेशल ट्रेन भीड़ को नियंत्रित करने के साथ-साथ यात्रियों को अधिक सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।