0 पिता को 2 साल पहले मिला था 93 लाख का हीरा ,परिवार ने कही यह बड़ी बात …
मध्यप्रदेश पन्ना। मध्य प्रदेश के पन्ना जिले की धरती ने फिर एक गरीब परिवार को लखपति बना दिया, वो भी एक नहीं दो बार. सोमवार को एक आदिवासी परिवार की उस समय किस्मत चमक गई जब खुदाई के दौरान मजदूरी का काम करने वाले एक सदस्य को उज्जवल किस्म का हीरा मिला. इस हीरे की कीमत लाखों में बताई जा रही है. इसमें मजे की बात ये है कि करीब दो साल पहले भी इसी परिवार के एक सदस्य को दूसरी जगह खुदाई के दौरान हीरा मिला था. उस हीरे की कीमत करीब 93 लाख रुपए थी.
👉खुदाई के दौरान मजदूर को मिला हीरा

सोमवार को अहिरगुवा कैंप की उथली हीरा खदान में खुदाई का कार्य करने के दौरान राकेश गौड़ पिता चुनुवादा गौड़ निवासी अहिरगुवा को जमीन से बाहर निकली एक चमकती हुई चीज़ दिखी. राकेश ने जब मिट्टी हटाई तो उसे 1 उज्ज्वल किस्म का हीरा मिला. हीरा मिलते ही राकेश की खुशी का ठिकाना नहीं रहा है. वह तुरंत हीरा लेकर हीरा कार्यालय पहुंचा जहां, अधिकारी ने उसे बताया कि यह 11.19 कैरेट का बेशकीमती जेम्स क्वालिटी का हीरा है. इसकी कीमत 35 लाख रुपए से 40 लाख रुपए के बीच है. हीरे को कार्यालय में जमा करा दिया गया है, जिसे आगामी शासकीय नीलामी में रखा जाएगा.
👉2 साल चल रही हीरा ढूंढने की मशक्कत
बताया जा रहा है कि राकेश करीब दो साल से हीरा मिलने की तलाश में था जिसके लिए वह रोज खुदाई का काम करता था. राकेश गौड़ ने इसी साल अप्रैल में पट्टा बनवाकर अपने भाइयों और रिश्तेदारों के साथ खदान लगाई थी और मात्र 2 महीने की कड़ी मेहनत के बाद उन्हें यह बड़ी कामयाबी मिली.
👉2 साल पहले पिता को मिला था हीरा
राकेश को हीरा मिलने के बाद उनके परिवार से जुड़ा एक और रोचक तथ्य सामने आया. वो तथ्य ये है कि करीब दो साल पहले यानी साल 2024 के जुलाई महीने में राकेश के पिता चुनुवादा गौड़ को भी 19.22 कैरट का हीरा मिला था. चुनवादा को कृष्णा कल्याणपुर पटी बजरिया में खदान में खुदाई के दौरान ये हीरा मिला था. उस समय इस हीरे की कीमत 93 लाख से लेकर एक करोड़ रुपए के बीच बताई गई थी. इतनी बड़ी रकम मिलने के बाद भी इस जमीन से जुड़े परिवार ने मेहनत नहीं छोड़ी. राकेश का कहना है कि इस बार मिलने वाले पैसों से भी वे आगे नई खदान लगाकर अपनी किस्मत आजमाते रहेंगे.
