रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने देर रात बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 5 आईएएस अधिकारियों के प्रभार में बदलाव कर दिया। सामान्य प्रशासन विभाग (GAD) द्वारा जारी आदेश में सबसे चौंकाने वाला फैसला गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (GPM) जिले को लेकर सामने आया, जहां महज करीब दो महीने पहले पदस्थ किए गए कलेक्टर संतोष कुमार देवांगन की छुट्टी कर दी गई।

शासन ने संतोष कुमार देवांगन को मंत्रालय में स्कूल शिक्षा विभाग का विशेष सचिव नियुक्त किया है। वहीं, तकनीकी शिक्षा विभाग के संचालक विजय दयाराम के. को GPM जिले का नया कलेक्टर बनाया गया है। इतनी कम अवधि में कलेक्टर बदलने के फैसले ने प्रशासनिक गलियारों में चर्चाओं का दौर तेज कर दिया है।
इसी आदेश में महासमुंद जिला पंचायत के CEO हेमंत रमेश नंदनवार को नई जिम्मेदारी देते हुए संचालक, तकनीकी शिक्षा, रोजगार एवं प्रशिक्षण बनाया गया है। साथ ही उन्हें छत्तीसगढ़ राज्य कौशल विकास प्राधिकरण के प्रबंध संचालक (MD) का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।
वहीं दुर्ग नगर निगम आयुक्त सुमित अग्रवाल को छत्तीसगढ़ राज्य शहरी विकास अभिकरण (SUDA) का मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही रिमिजियस एक्का को इस अतिरिक्त प्रभार से मुक्त कर दिया गया है।
प्रशासनिक फेरबदल में IAS 2023 बैच की अधिकारी अनुपमा आनंद को भी बड़ी जिम्मेदारी मिली है। सरायपाली एसडीएम के पद से पदोन्नत करते हुए उन्हें जिला पंचायत महासमुंद का मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) बनाया गया है।
राज्य सरकार के इस अचानक हुए प्रशासनिक बदलाव को आगामी प्रशासनिक आवश्यकताओं और विभागीय कार्यों को गति देने की रणनीति के रूप में देखा जा रहा है। हालांकि, सबसे ज्यादा चर्चा सिर्फ दो महीने में GPM कलेक्टर बदले जाने को लेकर हो रही है।
