CG : PG में घुसकर आरोपी ने नर्सिंग छात्रा को मारा चाकू, फरार, दिनदहाड़े हत्याकांड से मचा हड़कम्प ,सुशासन की सरकार में लचर कानून व्यवस्था पर उठे सवाल !

दुर्ग। भिलाई में 19 वर्षीय नर्सिंग छात्रा की दिनदहाड़े हत्या ने एक बार फिर प्रदेश की कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। वैशाली नगर थाना क्षेत्र के रामनगर इलाके में किराए के कमरे में रह रही छात्रा पर एक युवक ने धारदार हथियार से हमला कर दिया। अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई। इस घटना के बाद न सिर्फ स्थानीय लोगों में दहशत है, बल्कि प्रदेश में लगातार सामने आ रहे हत्या के मामलों को लेकर भी चिंता बढ़ गई है।

पुलिस के मुताबिक, मृतका की पहचान खुशी साहू (19) के रूप में हुई है, जो बेमेतरा जिले के बेरला क्षेत्र के ग्राम कुम्ही की रहने वाली थी। वह करीब एक महीने पहले ही भिलाई आई थी और शंकराचार्य नर्सिंग कॉलेज में बी.फार्मेसी की पढ़ाई कर रही थी। पढ़ाई का खर्च उठाने के लिए वह एक कैफे में भी काम करती थी। पुलिस के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब 11:30 से 12 बजे के बीच खुशी की रूममेट नहाने गई हुई थी।

इसी दौरान एक युवक कमरे में पहुंचा और उस पर धारदार हथियार से कई वार कर फरार हो गया। जब सहेली वापस लौटी तो खुशी खून से लथपथ फर्श पर पड़ी मिली। मकान मालिक और पुलिस को सूचना देने के बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जांच में पुलिस को मृतका के एक कथित परिचित युवक के बारे में जानकारी मिली है। संदेह के आधार पर उसकी तलाश की जा रही है। हालांकि पुलिस का कहना है कि जांच अभी शुरुआती चरण में है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट हो सकेगी।

बढ़ते हत्या के मामलों पर चिंता
हाल के महीनों में प्रदेश के अलग-अलग जिलों से हत्या और गंभीर अपराधों की घटनाएं सामने आई हैं। हर मामले की परिस्थितियां अलग हो सकती हैं और उनके कारण भी भिन्न हो सकते हैं, लेकिन लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने आम लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ाई है। कानून-व्यवस्था को लेकर विपक्ष भी समय-समय पर सरकार को घेरता रहा है, जबकि सरकार अपराधों पर नियंत्रण के लिए लगातार कार्रवाई का दावा करती रही है।

फिलहाल पुलिस घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच के आधार पर आरोपी तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। इस हत्याकांड का खुलासा और आरोपी की गिरफ्तारी अब पुलिस के लिए बड़ी चुनौती मानी जा रही है। दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने एक बार फिर यह बहस तेज कर दी है कि महिलाओं की सुरक्षा, शहरी इलाकों में निगरानी व्यवस्था और गंभीर अपराधों की रोकथाम के लिए क्या मौजूदा सुरक्षा तंत्र पर्याप्त है।