बलरामपुर । जिले में 48 वर्षीय महिला के साथ गैंगरेप का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि शनिवार शाम घर लौट रही महिला को 3 युवकों ने जबरन खेत में ले जाकर उसके साथ गैंगरेप किया। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि वारदात के बाद आरोपियों ने उसके साथ अमानवीय व्यवहार भी किया। पुलिस ने मामले में तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना रघुनानगर थाना क्षेत्र की है।

पुलिस के मुताबिक, महिला शनिवार शाम खेत की जुताई का भुगतान कर पैदल घर लौट रही थी। इसी दौरान रास्ते में मिले 3 युवकों ने कथित तौर पर उसे जबरन खेत में ले जाकर उसके हाथ-पैर उसकी साड़ी से बांध दिए और बारी-बारी से दुष्कर्म किया। पीड़िता का आरोप है कि घटना के दौरान उसके साथ अमानवीय व्यवहार भी किया गया। महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद लोगों ने डायल-112 पर सूचना दी। पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले आरोपी फरार हो गए। बाद में महिला ने तीनों आरोपियों की पहचान कर ली।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। रविवार को फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। बलरामपुर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विश्व दीपक त्रिपाठी ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म सहित अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच जारी है। बलरामपुर की यह घटना एक बार फिर राज्य में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर रही है। हाल के महीनों में महिलाओं और युवतियों के खिलाफ अपराधों की घटनाएं लगातार सामने आई हैं, जिससे कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस इलाके में यह घटना हुई, वहां लंबे समय से शराबियों और असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगता रहा है। ऐसे स्थानों पर नियमित निगरानी और प्रभावी कार्रवाई की मांग भी समय-समय पर उठती रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले में सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। वहीं, यह घटना महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने और अपराध की रोकथाम के लिए प्रभावी पुलिसिंग की दलील दी जा रही है।
