👉 शराबियों, बेवजह घूमने वालों और संदिग्ध युवकों पर पुलिस की नजर,कराई उठक-बैठक
कोरबा। पंप हाउस कॉलोनी और 15 ब्लॉक क्षेत्र में में हुई मारपीट और गुंडागर्दी की घटना के बाद पुलिस ने यह स्पष्ट संकेत दिया है कि अब किसी भी तरह की अराजकता/गुण्डागर्दी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। शनिवार देर रात अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले, सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी,तथा कोतवाली टीआई प्रमोद डडसेना, सिविल लाइन थाना प्रभारी प्रशिक्षु डीएसपी आस्था शर्मा, सीएसईबी सहायता केन्द्र प्रभारी एसआई राजेश तिवारी के नेतृत्व में पुलिस जवान व महिला स्टाफ बाइक लेकर सड़कों पर उतरे। देर रात तक कई क्षेत्रों में सघन पेट्रोलिंग की।

पुलिस की टीम पंप हाउस कॉलोनी, 15 ब्लॉक, तुलसी नगर, डीडीएम रोड सहित उन इलाकों में भी पहुंची, जहां चारपहिया वाहन आसानी से नहीं जा सकते। संकरी गलियों में बाइक पेट्रोलिंग कर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी गई और देर रात बिना वजह घूम रहे युवकों से पूछताछ की गई।
कार्रवाई केवल सड़कों तक सीमित नहीं रही। मारपीट और उपद्रव की घटना से जुड़े युवकों के घर भी पुलिस पहुंची। अधिकारियों ने उनके परिजनों से बातचीत कर साफ शब्दों में चेतावनी दी कि यदि दोबारा कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश हुई तो सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अभिभावकों से भी अपने बच्चों की गतिविधियों पर नजर रखने की अपील की गई।
रात्रि गश्त के दौरान सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीते मिले लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई। वहीं हुड़दंग मचाने और बेवजह बाइक से घूम रहे कुछ युवकों को रोककर समझाइश दी गई। कुछ से मौके पर उठक-बैठक कराई गई और भविष्य में कानून का पालन करने की चेतावनी देकर छोड़ा गया।
एसपी सिद्धार्थ तिवारी के द्वारा अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार विशेष पेट्रोलिंग अभियान के निर्देश दिए गए हैं। जिन क्षेत्रों से असामाजिक गतिविधियों की शिकायत मिल रही है, वहां पुलिस की निगरानी और बढ़ाई जा रही है। पुलिस ने नागरिकों से भी अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या आपराधिक घटना की जानकारी पुलिस कंट्रोल रूम, तत्काल डायल-112 अथवा नजदीकी थाने को दें।
