CG : ओडिशा से छत्तीसगढ़ लाई जा रही थी 35 किलो गांजे की खेप,पुलिस ने किए मंसूबे नाकाम, गांजा के साथ 2 अंतरराज्यीय गांजा तस्कर गिरफ्तार …..

गरियाबंद । छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में अवैध गांजा तस्करी के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। देवभोग थाना पुलिस ने अंतरराज्यीय चेक पोस्ट खुटगांव नाका पर वाहन जांच के दौरान दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 35 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 17 लाख 50 हजार रुपये बताई जा रही है।

पुलिस के मुताबिक, खुटगांव अंतरराज्यीय चेक पोस्ट पर संदिग्ध वाहनों की नियमित जांच की जा रही थी। इसी दौरान एक बाइक पर सवार दो संदिग्ध युवकों को रोककर तलाशी ली गई। जांच के दौरान उनके पास से 35 किलो गांजा बरामद हुआ। प्रारंभिक पूछताछ में पता चला कि आरोपी गांजे की खेप को ओडिशा से छत्तीसगढ़ की ओर लेकर आ रहे थे। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुन्ना नायक और लबण्यो क्षत्रिय के रूप में हुई है।

दोनों आरोपी ओडिशा के
कालाहांडी जिले के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ स्वापक औषधि एवं मन:प्रभावी पदार्थ अधिनियम (NDPS Act) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही गांजे की आपूर्ति श्रृंखला और इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। गरियाबंद पुलिस का कहना है कि जिले की अंतरराज्यीय सीमाओं पर निगरानी लगातार बढ़ाई गई है और नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।