बैंकॉक। थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में सोमवार तड़के एक पब में भीषण आग लगने से कम से कम 27 लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। अधिकारियों ने इस दर्दनाक हादसे की पुष्टि की है।
राहत और बचाव दल द्वारा साझा किए गए फुटेज के अनुसार, शहर के उत्तरी हिस्से में स्थित पब में आधी रात के आसपास आग भड़क उठी। आग इतनी भयानक थी कि आसमान में काले धुएं का गुबार छा गया। इस दौरान पब में मौजूद डरे-सहमे लोग अपनी जान बचाने के लिए भागते नजर आए।
👉प्रधानमंत्री ने की मौतों की पुष्टि

थाईलैंड के प्रधानमंत्री अनुतिन चर्नविराकुल ने घटनास्थल का दौरा किया और मरने वालों की संख्या की पुष्टि की। समाचार एजेंसी एपी के अनुसार, उन्होंने संवाददाताओं से कहा कि इस हादसे में सत्ताईस लोगों की जान चली गई है और कई अन्य लोगों को अस्पताल ले जाया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि आग लगने के कारणों की अभी जांच की जा रही है।
आपातकालीन कर्मचारियों को आधी रात से कुछ समय पहले आग लगने की सूचना मिली थी। घटनास्थल के वीडियो में पब के प्रवेश द्वार से आग की लपटों को तेजी से फैलते देखा गया, जबकि लोग बाहर जमा होकर भागने की कोशिश कर रहे थे।
द सन के मुताबिक, बैंकॉक के चाटुचक जिले में स्थित रोंग बीयर ना लाट फ्राओ नामक इस पब में आग लगने के कुछ ही मिनटों के भीतर पूरा परिसर लपटों में घिर गया। शुरुआत में बचाव दल को झुलसा हुआ एक व्यक्ति मिला, लेकिन बाद में पता चला कि कई अन्य लोग इमारत के अंदर फंसे हुए थे।
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स से पता चला है कि आग लगने के दौरान कुछ पीड़ितों ने पब के शौचालयों में शरण ली थी, और मारे गए लोगों में से कई के शव इन्हीं शौचालयों में पाए गए हैं।
👉आधे घंटे में पाया गया काबू
अधिकारियों ने बताया कि कई स्टेशनों के दमकलकर्मियों ने पानी की बौछारों का इस्तेमाल कर आग बुझाने की कोशिश की और लगभग आधे घंटे में आग पर काबू पा लिया गया। आग बुझने के बाद सामने आई तस्वीरों में पब का अंदरूनी हिस्सा बुरी तरह तबाह नजर आया, जहां जली हुई मेज और कुर्सियां राख से ढकी हुई थीं और बचावकर्मी घटनास्थल की तलाशी ले रहे थे।
