बिलासपुर । अयोध्या के श्रीराम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी के मुद्दे को लेकर बिलासपुर जिले के बोदरी में कांग्रेस ने पूरे प्रदेश से अलग और अनोखा विरोध प्रदर्शन किया। महिलाओं ने सिर पर मटकी रखकर रैली निकाली और राम मंदिर पहुंचकर प्रतीकात्मक रूप से मटकी फोड़कर अपना विरोध दर्ज कराया।

नगर पालिका परिषद बोदरी में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष गीतांजलि कौशिक और पूर्व विधायक सियाराम कौशिक के नेतृत्व में अयोध्या के श्रीराम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी के विरोध में अनोखी रैली निकाली गई। चकरभाठा के हनुमान मंदिर से शुरू हुई रैली राम मंदिर तक पहुंची, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं ने सिर पर मटकी रखकर हिस्सा लिया। मटकियों पर “पाप का घड़ा भर गया है”, “चौकीदार चोर है” और “मंदिर चंदा चोरी” जैसे नारे लिखे गए थे। ढोल-मांदर की थाप और जोरदार नारों के बीच निकली रैली ने पूरे नगर का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। राम मंदिर पहुंचने के बाद प्रतीकात्मक रूप से मटकी फोड़कर विरोध दर्ज कराया गया।ब्लॉक अध्यक्ष गीतांजलि कौशिक ने कहा कि श्रीराम मंदिर करोड़ों लोगों की आस्था का केंद्र है और कथित चढ़ावा चोरी की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। वहीं पूर्व विधायक सियाराम कौशिक ने अपने संबोधन में राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा और उससे जुड़े विभिन्न मुद्दों पर राजनीतिक टिप्पणी करते हुए केंद्र सरकार पर निशाना साधा। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जब तक पूरे मामले में कार्रवाई नहीं होती, तब तक उनका विरोध जारी रहेगा।बोदरी से अनोखे अंदाज में हुए इस प्रदर्शन ने राजनीतिक माहौल को गर्मा दिया है। अब इस मुद्दे पर आगे क्या कार्रवाई होती है, इस पर सभी की नजर बनी हुई है।
