‘सत्य-सत्याग्रह से डरती है मोदी सरकार’ राहुल गांधी का सरकार पर तीखा हमला’ …

दिल्ली । लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने सोमवार (27 जुलाई, 2026) को मध्य प्रदेश में आदिवासी समुदाय की तरफ से केन-बेतवा प्रोजेक्ट को लेकर किए जा रहे विरोध पर केंद्र की मोदी सरकार पर निशाना साधा है.

उन्होंने कहा है कि मोदी सरकार सत्य और सत्याग्रह दोनों से डरती है.

👉राहुल गांधी ने एक्स प्लेटफॉर्म पर शेयर किया वीडियो

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इस संबंध में सोमवार (27 जुलाई) को एक वीडियो पोस्ट शेयर किया. वीडियो में मध्य प्रदेश के आदिवासी समुदाय के लोग सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करते नजर आ रहे हैं. इसके साथ ही, राहुल गांधी ने लोगों के वीडियो के साथ-साथ ऑडियो शेयर भी किया है. उन्होंने प्रदर्शन कर रहे लोगों का हवाला देते हुए वीडियो में कहा कि कोई आओ और हेमें भी दिल्ली लेकर जाओ, जंतर मंतर से सुना है आवाज सुनाई पड़ती है.

👉वीडियो पोस्ट के कैप्शन में राहुल गांधी ने क्या कहा?

वहीं, उन्होंने वीडियो पोस्ट के कैप्शन में लिखा, ‘सत्य और सत्याग्रह – दोनों से डरती है मोदी सरकार. मध्य प्रदेश के आदिवासी भाई-बहन जल सत्याग्रह और भूख हड़ताल पर इसलिए बैठे थे, क्योंकि केन-बेतवा परियोजना में उनकी जमीन छीन ली गई, लेकिन उन्हें न न्यायपूर्ण मुआवजा मिला और न सम्मानजनक पुनर्वास. सत्य यह है कि आदिवासी देश के पहले मालिक हैं – जल, जंगल और जमीन पर सबसे पहला हक उन्हीं का है और उनका सत्याग्रह इसलिए है, क्योंकि वही हक आज उनसे छीना जा रहा है.’

उन्होंने आगे कहा, ‘अपने अनोखे तरीके से उनकी मांग बस इतनी है कि गुजर-बसर करने के लिए उचित सहारा तो दो – वरना जिंदगी तो चिता के ही समान है. मगर यह भी भाजपा सरकार को मंजूर नहीं. उनकी बात सुनने के बजाय पुलिस बल से उनका शांतिपूर्ण विरोध भी कुचला जा रहा है. हम अपने आदिवासी भाई-बहनों के साथ हैं. उन्हें न्याय दिला कर रहेंगे – मुआवजा और पुनर्वास तो देना ही पड़ेगा.’