KORBA : अधोसंरचनात्मक विकास कार्यों का जमीनी हकीकत जानने आधा दर्जन ग्राम पंचायतों के औचक निरीक्षण में पहुंचे जिला पंचायत CEO , खुल गई लचर शिक्षा व्यवस्था की पोल,नदारद मिले शिक्षक, DEO को कार्रवाई के दिए निर्देश

कोरबा । जिला पंचायत कोरबा के नवपदस्थ सीईओें प्रतीक जैन ने गुरुवार को कटघोरा जनपद पंचायत के कई गांवों का दौरा कर विकास कार्यों की जमीनी स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और समय-सीमा पर जोर देते हुए अधिकारियों को लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए। वहीं, स्कूल निरीक्षण के दौरान शिक्षक अनुपस्थित मिलने पर नाराजगी जताते हुए कार्रवाई के निर्देश भी दिए। जिला पंचायत सीईओं के सख्त तेवर देख लापरवाह अधिकारी-कर्मचारियों के बीच हड़कंप मचा हुआ है।

जिला पंचायत सीईओ प्रतीक जैन गुरुवार को ढेलवाडीह, चाकाबुड़ा, देव गांव, बतारी, रंजना, झाबर और घुंचापुर पंचायतों का दौरा किया। ढेलवाडीह में प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट यूनिट, सामुदायिक शौचालय, कचरा छंटाई केंद्र और अटल डिजिटल सेवा केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने आसपास की पंचायतों से प्लास्टिक कचरा एकत्र कर यूनिट की क्षमता बढ़ाने और सामुदायिक शौचालय के संचालन में स्व-सहायता समूहों की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। चाकाबुड़ा में निर्माणाधीन पंचायत भवन, आंगनबाड़ी भवन और पीडीएस गोदाम का निरीक्षण करते हुए उन्होंने गुणवत्ता के साथ समय पर कार्य पूरा करने को कहा।

इसी दौरान खुशी महिला स्व-सहायता समूह की महिलाओं से चर्चा कर उनके आजीविका कार्यों की जानकारी ली। समूह की नई मशीन और शेड की मांग पर आवश्यक प्रस्ताव तैयार कर सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए। निरीक्षण के दौरान प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक शाला चाकाबुड़ा का जिला पंचायत सीईओ ने आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान विद्यायल में शिक्षक अनुपस्थित मिले। इस पर सीईओ ने जिला शिक्षा अधिकारी को संबंधित शिक्षकों के खिलाफ कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। देव गांव में प्रधानमंत्री आवास योजना के अधूरे मकानों का निरीक्षण कर हितग्राहियों को जल्द निर्माण पूरा करने के लिए प्रेरित किया।

वहीं बतारी में सामुदायिक शौचालय और महतारी सदन के निर्माण कार्यों का जायजा लेकर गुणवत्ता से समझौता नहीं करने की हिदायत दी। उन्होंने महतारी सदन परिसर में बच्चों के लिए खेल सुविधाएं विकसित करने के भी निर्देश दिए। रंजना गांव में सीईओ ने अमृत सरोवर परिसर में फलदार पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इसके बाद रीपा (रूरल इंडस्ट्रियल पार्क) और ग्राम पुस्तकालय का निरीक्षण किया। पुस्तकालय को अधिक आकर्षक बनाने के लिए भवन के भीतर चित्रकारी कराने के निर्देश भी दिए।

दौरे के दौरान सीईओ विशेष ग्राम सभा में शामिल होने झाबर पहुंचे, जहां उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और कहा कि एसईसीएल के समन्वय से उनके समाधान का प्रयास किया जाएगा। वहीं घुंचापुर में गोबर गैस संयंत्र का निरीक्षण कर उसे जल्द चालू करने के निर्देश दिए। सीईओ प्रतीक जैन ने कहा कि शासन की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन, विकास कार्यों की गुणवत्ता और ग्रामीणों को समय पर सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग कर सभी लंबित कार्यों को तय समय में पूरा करने के निर्देश दिए।