सक्ती । छत्तीसगढ़ के सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की कार्यशैली को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। जांजगीर-चांपा के बोड़सरा स्कूल से जुड़े विवाद के बाद अब सक्ती जिले के एक सरकारी स्कूल का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है, जिसमें स्कूल परिसर के भीतर शिक्षकों की कथित शराब पार्टी का दावा किया जा रहा है। वीडियो सामने आने के बाद शिक्षा विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए स्कूल के पांच शिक्षक और एक स्वीपर को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।

जानकारी के मुताबिक ये पूरा मामला सक्ती जिले के मालखरौदा विकासखंड स्थित शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल, किरारी का है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में स्कूल परिसर के भीतर कुछ लोग कथित तौर पर शराब पीते नजर आ रहे हैं। दावा किया जा रहा है कि इनमें पांच शिक्षक और एक स्वीपर शामिल हैं। हालांकि वीडियो की सत्यता और आरोपों की पुष्टि विभागीय जांच के बाद ही होगी। वीडियो वायरल होने के बाद जिला शिक्षा अधिकारी ने मामले का संज्ञान लेते हुए संबंधित सभी कर्मचारियों को तीन दिन के भीतर लिखित जवाब देने का निर्देश दिया है।
DEO का कहना है कि स्पष्टीकरण मिलने के बाद पूरे मामले की जांच की जाएगी और यदि आरोप सही पाए गए, तो संबंधित शिक्षक और अन्य कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी। यह घटना ऐसे समय सामने आई है, जब प्रदेश में सरकारी स्कूलों को लेकर लगातार विवाद सामने आ रहे हैं। कभी शिक्षकों पर छात्रों के साथ दुर्व्यवहार के आरोप लगते हैं, तो कभी शराब के नशे में स्कूल पहुंचने के मामले चर्चा में रहते हैं।
अब स्कूल परिसर में ही कथित शराब पार्टी का वीडियो सामने आने से सरकारी शिक्षा व्यवस्था और निगरानी तंत्र पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। फिलहाल शिक्षा विभाग पूरे मामले की जांच में जुटा है। अब सभी की नजर इस बात पर है कि विभागीय जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं और दोष तय होने की स्थिति में संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ क्या कार्रवाई की जाती है।
