अब जल्द चलन में आ जाएंगे प्लास्टिक के नोट, फील्ड ट्रायल को सरकार ने दी मंजूरी; वित्त मंत्री ने संसद में बताया क्या है तैयारी?

नई दिल्ली। प्लास्टिक के नोट (Polymer Banknotes) को लेकर काफी दिनों से चर्चा है और इसी कड़ी में सरकार की ओर से इस पर बड़ा अपडेट आया है। वित्त मंत्री ने मंगलवार को संसद को बताया गया कि सरकार ने फ़ील्ड ट्रायल के लिए 10 और 20 रुपये के एक अरब पॉलीमर बैंक नोट लाने की मंज़ूरी दे दी है।

न्यूज एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, वित्त मंत्री ने राज्यसभा में एक लिखित जवाब में बताया कि भारतीय रिज़र्व बैंक (RBI) ने अपने केंद्रीय बोर्ड की सिफारिश पर, रिज़र्व बैंक ऑफ़ इंडिया एक्ट, 1934 की धारा 25 के तहत सरकार को एक प्रस्ताव भेजा था।

👉वित्त मंत्री ने क्या कहा?

RBI की ओर से सरकार को भेजे गए इस प्रस्ताव में फ़ील्ड ट्रायल के लिए 10 रुपये और 20 रुपये के एक-एक अरब पॉलीमर बैंकनोट लाने और फ़ील्ड ट्रायल के सफल होने के बाद इन दो मूल्यवर्गों में पॉलीमर बैंकनोटों को नियमित रूप से जारी करने की बात कही गई थी।

वित्त मंत्री ने कहा, “सरकार ने इस प्रस्ताव को मंज़ूरी दे दी है। RBI के अनुसार, इन पॉलीमर बैंकनोटों को कागज़ वाले बैंक नोटों के साथ ही जारी करने का प्रस्ताव है।”

उन्होंने बताया कि RBI ने जानकारी दी है कि खरीद की प्रक्रिया अभी शुरुआती चरण में है। इसलिए, उन्होंने कहा कि अभी यह बताना मुमकिन नहीं है कि पॉलीमर बैंकनोट कब लाए जाएंगे या उन पर कितना खर्च आएगा।

👉2009 के बाद यह दूसरी कोशिश

इससे पहले 5 अगस्त को RBI मॉनेटरी पॉलिसी की घोषणा के बाद गवर्नर संजय मल्होत्रा ने कहा, “हमारा लक्ष्य है कि अगर सब कुछ योजना के अनुसार हुआ, तो अगले फाइनेंशियल ईयर की शुरुआत में पॉलिमर नोट चलन में आ जाएंगे।”

बता दें कि देश में RBI की ओर से पॉलीमर नोट लाने की यह दूसरी कोशिश है; इससे पहले 2009 में प्रस्तावित एक पायलट प्रोजेक्ट को “तकनीकी दिक्कतों” के कारण रोक दिया गया था। अगर यह नया ट्रायल सफल रहता है, तो भारतीय रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया ₹100 और ₹500 जैसे बड़े मूल्य के नोटों के लिए भी पॉलीमर नोट लाने पर विचार कर सकता है।