कोरबा । जिले में शराब सेवन और स्कूल से अनुपस्थित रहने के मामले में शिक्षा विभाग ने सहायक शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई की है। सोशल मीडिया में शिक्षक का वीडियों वायरल होने के बाद डीईओें ने मामले की जांच का निर्देश दिया था। जांच में शिक्षक पर गंभीर अनियमितता और शराब के नशे में स्कूल नहीं आने पर शिक्षक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
जानकारी के मुताबिक मामला पोड़ी उपरोड़ा विकासखंड के शासकीय प्राथमिक शाला आश्रम सरसोंका का है। बताया जा रहा है कि स्कूल में पदस्थ सहायक शिक्षक राजेश कुमार बंजारे का 5 अगस्त को शराब के नशे में गांव में घूमने और शराब सेवन करने का वीडियो वायरल हुआ था। इसके साथ ही शिक्षक के विद्यालय से अनुपस्थित रहने की बात भी सामने आई थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए विकासखंड शिक्षा अधिकारी ने जांच के बाद जिला शिक्षा अधिकारी को प्रतिवेदन भेजा।
👉नोटिस का जवाब नहीं देने पर भी कार्रवाई

वीडियो सामने आने के बाद शिक्षक को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया था। हालांकि, निर्धारित समय सीमा में उनकी ओर से जवाब प्रस्तुत नहीं किया गया। विभाग ने यह भी माना कि विद्यालय से अधिक समय तक अनुपस्थित रहने के कारण बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही थी। जिला शिक्षा अधिकारी के आदेश में शिक्षक के कथित कृत्य को घोर लापरवाही, उदासीनता, स्वेच्छाचारिता और अनुशासनहीनता माना गया है। विभाग ने इसे छत्तीसगढ़ सिविल सेवा आचरण नियम, 1965 के खिलाफ बताया है।
छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम, 1966 के नियम 9 और 10 के तहत शिक्षक को निलंबित किया गया है। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय, पोड़ी उपरोड़ा रहेगा। उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा। इस कार्रवाई के बाद शिक्षा विभाग की ओर से स्पष्ट संदेश है कि शिक्षकों के आचरण, विद्यालय में उपस्थिति और बच्चों की पढ़ाई से जुड़े मामलों में लापरवाही को लेकर विभाग सख्त कार्रवाई से पीछे नहीं हटेगा।
