CG : नए ठेके और पुराने बिल पास कराने के एवज में 50 हजार की रिश्वत लेते CBI के हत्थे चढ़े रेलवे के सीनियर DME ,3 दिन की रिमांड में लेकर CBI करेगी पूछताछ …

दुर्ग-भिलाई। भिलाई के चरोदा स्थित रेलवे के पीपी यार्ड में रिश्वतखोरी की शिकायत पर CBI ने बड़ी कार्रवाई की है। रेलवे ठेकेदार से नए ठेके और पुराने बिल पास कराने के बदले 50 हजार रुपये रिश्वत मांगने के आरोप में सीनियर डिविजनल मैकेनिकल इंजीनियर (सीनियर DME) अनमोल उइके को CBI हिरासत में लिया है। करीब 20 घंटे की ट्रैप कार्रवाई के बाद CBI अनमोल उइके और ठेकेदार दीपक वर्मा को रायपुर ले गई। अनमोल उइके को रायपुर स्थित CBI की विशेष अदालत में पेश किया गया, जहां अदालत ने उसे तीन दिन की CBI रिमांड पर भेज दिया।

जानकारी के मुताबिक, रेलवे के पीपी यार्ड में ठेके पर काम करने वाले दीपक वर्मा ने CBI की भ्रष्टाचार निरोधक शाखा में शिकायत की थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि नया काम दिलाने और पुराने काम के बकाया बिल पास कराने के बदले सीनियर DME अनमोल उइके ने 50 हजार रुपये की रिश्वत मांगी है।

शिकायत का सत्यापन करने के बाद CBI ने ट्रैप की योजना बनाई। गुरुवार शाम करीब 5 बजे दिल्ली, रायपुर और दुर्ग के अधिकारियों को शामिल करते हुए करीब 10 सदस्यीय टीम पीपी यार्ड पहुंची। CBI ने ठेकेदार को केमिकल लगे नोटों से भरा लिफाफा दिया और उसे अधिकारी के कार्यालय में भेजा। आरोप है कि जैसे ही अनमोल उइके ने लिफाफा लिया, टीम ने तत्काल कार्यालय में दबिश देकर कार्रवाई शुरू कर दी।

👉फाइलों और डिजिटल रिकॉर्ड की जांच

ट्रैप के बाद CBI अधिकारियों ने सीनियर DME के कार्यालय को अपने कब्जे में लेकर दस्तावेजों की जांच की। टीम ने टेंडर से संबंधित फाइलें, पुराने कार्यों के रिकॉर्ड, बिल और रजिस्टर खंगाले। कार्यालय में पदस्थ अन्य अधिकारियों के मोबाइल फोन और डिजिटल रिकॉर्ड की भी जांच किए जाने की जानकारी है। CBI टीम ने रायपुर की WRS कॉलोनी स्थित अनमोल उइके के आवास पर भी जांच की। कार्रवाई के दौरान मिले दस्तावेजों और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को टीम अपने साथ ले गई।