झारखंड । छात्र आंदोलन के बीच झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार ने भर्ती परीक्षाओं में गड़बड़ी के खिलाफ बड़ा फैसला लिया है. सोरेन सरकार ने बीती रात करीब 44 भर्ती परीक्षाएं रद्द कर दी. अधिसूचना जारी करते हुए फैसले को तत्काल प्रभाव से लागू करने का निर्देश दिया.
सोरेन सरकार ने बीती रात करीब 8 अधिसूचनाएं जारी की हैं. रद्द की गईं 44 परीक्षाओं में साल 2014 से झारखंड लोक सेवा आयोग और आउटसोर्स एजेंसी TSR डेटा प्रोसेसिंग प्राइवेट लिमिटेड (TDPL) के द्वारा कराई गई परीक्षाएं शामिल हैं, जिनकी सूची भी सरकार ने जारी कर दी हैं. सभी लिस्ट और नोटिफिकेशन X पर अपलोड किए गए हैं.
👉झारखंड सरकार ने रद्द की ये परीक्षाएं

झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार ने ड्रग इंस्पेक्टर, असिस्टेंट प्रोफेसर, डिप्टी कलेक्टर, डेंटल डॉक्टर, असिस्टेंट इंजीनियर, सिविल जज, अतिरिक्त लोक अभियोजक और फॉरेस्ट रेंज ऑफिसर जैसे अहम पदों की भर्ती परीक्षाएं रद्द करने का ऐलान किया है. सरकारी पॉलिटेक्निक कॉलेजों में लेक्चरर, सीनियर साइंटिफिक ऑफिसर, असिस्टेंट कंजर्वेटर ऑफ फॉरेस्ट और प्रशासनिक एवं तकनीकी पदों की भर्ती परीक्षाएं भी रद्द कर दी हैं. सोरेन सरकार हाई कोर्ट अनुरोध करेगी कि JPSC-JSSC भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं के मामलों की जल्द सुनवाई के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट बनाई जाए.
👉2 महीने में जांच कमेटी सौंपेगी रिपोर्ट

JPSC और JSSC में विजिलेंस सेल भी बनाई जाएगी, ताकि भविष्य में इन भर्ती परीक्षाओं में गड़बड़ियां न हों. JPSC और JSSC भर्ती प्रक्रिया में सुधार के लिए काम कर रही वरिष्ठ IAS अधिकारी अमिताभ कौशल की अध्यक्षता वाली कमेटी अगले 2 महीने के अंदर अपनी रिपोर्ट सरकार को सौंप देगी. गत सोमवार को हुई कैबिनेट मीटिंग में सोरेन सरकार ने JSSC की कंबाइंड ग्रेजुएट लेवल (CGL) परीक्षा को रद्द करने की घोषणा की थी. प्रदर्शनकारी छात्रों की सबसे बड़ी मांग यही थी. इसके बाद बीती रात TDPL एजेंसी द्वारा कराई गई सभी परीक्षाओं और जारी नतीजों को भी रद्द कर दिया गया है.
