KORBA : कैमिकल फैक्ट्री से 95 हजार का माल ले उड़े चोर

0राजा व उसके साथियों पर आरोप
0कई दिनों से बंद फैक्ट्री का चौकीदार भी था छुट्टी पर

कोरबा। औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक केमिकल फैक्ट्री में चोरी का मामला सामने आया है। फैक्ट्री संचालक ने करीब 95 हजार रुपये के सामान चोरी होने की शिकायत सिविल लाइन रामपुर थाने में दर्ज कराई है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने राजा एवं उसके साथियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 305(ए), 331(1) एवं 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मेन रोड गांजा गली(तुलसी मार्ग) निवासी प्रवीण अग्रवाल 52 वर्ष ने पुलिस को बताया कि औद्योगिक क्षेत्र कोरबा में उनकी एनएलए इंडस्ट्रीयल नाम से केमिकल फैक्ट्री है। फैक्ट्री पिछले कई दिनों से बंद थी और करीब 8-10 दिनों से वहां तैनात चौकीदार भी छुट्टी पर था।
19 अगस्त की सुबह करीब 10 बजे प्रवीण अग्रवाल फैक्ट्री पहुंचे तो मुख्य द्वार को किसी वस्तु से फैलाए जाने और एक ताला टूटा हुआ मिला। अंदर जाकर देखने पर करीब 95 हजार रुपये कीमत के सामान गायब मिले।
संचालक ने आसपास पता किया तो वहां रहने वाले कुछ लोगों ने कथित तौर पर बताया कि अटल आवास में रहने वाला राजा और उसके अन्य साथी सामान चोरी कर ले गए हैं। इसके बाद उन्होंने पुलिस को लिखित शिकायत देकर चोरी गए सामान की बरामदगी और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की पहचान और चोरी गए सामान की बरामदगी के लिए पुलिस द्वारा पतासाजी की जा रही है।