KORBA : आवासीय कॉलोनी में बिना अनुमति प्रवेश कर कर्मचारियों को काम पर जाने से रोकने गाली गलौज का आरोप,प्रदेशाध्यक्ष दीपक दुबे व अन्य पर FIR …

कोरबा -दीपका। गेवरा क्षेत्र की गरुड़ नगर आवासीय कॉलोनी में बिना अनुमति प्रवेश कर एसीबी कंपनी के कर्मचारियों को काम पर जाने से रोकने और कथित रूप से गाली-गलौज व धमकी देने का मामला सामने आया है। शिकायत के आधार पर दीपका पुलिस ने भारतीय जनाधिकार पार्टी छत्तीसगढ़ के प्रदेशाध्यक्ष दीपक दुबे, दिनेश यादव सहित अन्य के खिलाफ बीएनएस की धारा 126(2), 127(2) एवं 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

सैनिक माइनिंग गेवरा में सिक्युरिटी इंचार्ज सूरजमल ढूल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि गरुड़ नगर कॉलोनी की सुरक्षा व्यवस्था उनके अधीनस्थ सुरक्षा गार्डों के माध्यम से की जाती है। 18 अगस्त 2026 को सुबह करीब 11:30 बजे दीपक दुबे, दिनेश यादव और उनके अन्य साथी बिना सूचना गरुड़ नगर कॉलोनी के सामने पहुंचे और एसीबी कंपनी के खिलाफ नारेबाजी करने लगे।
शिकायत के अनुसार, इस दौरान कॉलोनी से काम पर जा रहे कर्मचारियों को रोककर वापस घर जाने के लिए कहा गया। रास्ता रोके जाने के कारण कर्मचारी काम पर नहीं जा सके। आरोप है कि इससे एसईसीएल गेवरा परियोजना में एसीबी कंपनी की मशीनों पर काम करने वाले कर्मचारियों का काम प्रभावित हुआ और कार्य बंद हो गया।
शिकायतकर्ता के मुताबिक, शाम करीब 4 बजे भी दीपक दुबे व उनके साथी कॉलोनी के गेट के पास मौजूद थे और कंपनी के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे। आरोप है कि इसके बाद वे गेट से अंदर प्रवेश करने लगे। ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा गार्ड सुनील दास ने उन्हें रोकते हुए समझाइश दी, लेकिन वे कथित तौर पर अंदर घुस गए और गार्ड तथा आने-जाने वाले कर्मचारियों से गाली-गलौज एवं धमकी देने लगे।
शिकायत में बताया गया है कि गरुड़ नगर कॉलोनी प्रतिबंधित क्षेत्र में है, जहां बाहरी व्यक्तियों का प्रवेश प्रतिबंधित है। आरोप है कि इसके बावजूद बिना अनुमति प्रवेश कर कर्मचारियों को काम पर जाने से रोका गया, जिससे कंपनी के कार्य पर असर पड़ा और आर्थिक नुकसान हुआ।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर दीपक दुबे, दिनेश यादव एवं अन्य के खिलाफ अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।