KORBA : ESIC अस्पताल के डॉक्टर ने की आत्महत्या मची सनसनी, प्रेम प्रसंग के एंगल से जांच में जुटी पुलिस …

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा में ESIC अस्पताल के 30 वर्षीय डॉक्टर डॉ. एल्विन वे की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। 29 अगस्त की शाम अस्पताल परिसर स्थित कर्मचारी आवास के बाथरूम में उनका शव मिला।
सूचना मिलने के बाद सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। डॉक्टर के शरीर पर चोट के निशान भी मिले हैं। मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।

👉शनिवार को ड्यूटी पर नहीं पहुंचे थे डॉक्टर

जानकारी के मुताबिक, डॉ. एल्विन की शनिवार, 29 अगस्त को सुबह करीब 9 बजे ओपीडी में ड्यूटी थी, लेकिन वह अस्पताल नहीं पहुंचे। अस्पताल के स्टाफ ने उनसे फोन पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला।
काफी समय तक संपर्क नहीं होने के बाद रविवार शाम करीब 4 बजे कर्मचारी उनके आवास पर पहुंचे। अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर खिड़की का कांच तोड़कर घर में प्रवेश किया गया। इसके बाद बाथरूम में डॉक्टर का शव मिला।

👉पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल की जांच कर जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौत के पीछे की परिस्थितियों की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों व परिचितों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

👉प्रेम प्रसंग के एंगल से भी जांच

शुरुआती पुलिस जांच में डॉ. एल्विन के एक युवती के साथ प्रेम संबंध की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच करीब दो साल से संबंध थे और परिवार भी शादी के लिए तैयार था।

पुलिस के मुताबिक, डॉक्टर अगस्त में कोयंबटूर गए थे और वहां युवती के परिवार के सदस्यों से मुलाकात की थी। इसके बाद दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद होने और रिश्ता टूटने की जानकारी सामने आई है।
कोरबा लौटने के बाद डॉक्टर के व्यवहार में बदलाव आने की बात भी सामने आई है। हालांकि, पुलिस ने अभी इसे आत्महत्या की निश्चित वजह नहीं माना है और इस एंगल की जांच जारी है।

👉केरल के पालक्काड के रहने वाले थे डॉ. एल्विन

डॉ. एल्विन मूल रूप से केरल के पालक्काड के रहने वाले थे। उन्होंने तमिलनाडु के कोयंबटूर से MBBS की पढ़ाई की थी। करीब एक साल पहले उनकी पोस्टिंग कोरबा स्थित ESIC अस्पताल में हुई थी। वह अस्पताल परिसर में मिले कर्मचारी आवास में अकेले रहते थे।

👉माता-पिता को कोरबा बुलाया था

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि घटना से करीब 3 दिन पहले डॉ. एल्विन ने अपने माता-पिता को फोन कर तबीयत खराब होने की बात कही थी और उन्हें कोरबा बुलाया था।
शनिवार को जब उनके माता-पिता कोरबा पहुंचे, तब उन्हें बेटे की मौत की जानकारी मिली।

👉पुलिस ने क्या कहा?

कोरबा CSP प्रतीक चतुर्वेदी के मुताबिक, मामले में प्रेम प्रसंग से जुड़ी जानकारी सामने आई है। पुलिस परिजनों के बयान दर्ज कर रही है और सभी संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है।फिलहाल मौत की वजह को लेकर अंतिम निष्कर्ष पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगा।