CG :कॉलेज छात्रा आत्महत्या मामले में फरार NSUI नेता गिरफ्तार, कांग्रेस ने पार्टी से निकाला

0 आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने का है आरोप

अंबिकापुर । अंबिकापुर में बीए प्रथम वर्ष की छात्रा की आत्महत्या के मामले में गांधीनगर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए NSUI छात्र नेता ज्ञान तिवारी को गिरफ्तार किया है. छात्रा के परिजनों ने ज्ञान तिवारी पर लंबे समय से प्रताड़ित करने और ब्लैकमेल करने के आरोप लगाए थे. शिकायत के आधार पर पुलिस ने आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने का मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.

जानकारी के मुताबिक, दो दिन पहले बीए प्रथम वर्ष की छात्रा ने अपने घर के बाथरूम में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी. घटना के बाद परिवार ने NSUI नेता ज्ञान तिवारी पर छात्रा को लंबे समय से परेशान करने और ब्लैकमेल करने का आरोप लगाया. परिजनों की शिकायत के बाद गांधीनगर पुलिस ने मामले में अपराध दर्ज किया और जांच शुरु की. अब पुलिस ने ज्ञान तिवारी को गिरफ्तार कर लिया है.

ज्ञान तिवारी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर ABVP कार्यकर्ताओं ने गांधीनगर थाने का घेराव भी किया था. संगठन ने पुलिस को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तारी करने का अल्टीमेटम देते हुए गिरफ्तारी नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी थी. अब पुलिस की गिरफ्तारी के बाद मामले की जांच आगे बढ़ रही है. पुलिस छात्रा की आत्महत्या से जुड़े तमाम पहलुओं और लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है.

👉कांग्रेस ने भी की कार्रवाई, पार्टी से निलंबित

मामले में कांग्रेस ने भी संगठनात्मक कार्रवाई की है. कांग्रेस कमेटी सरगुजा के जिलाध्यक्ष बालकृष्ण पाठक ने ज्ञान तिवारी के निलंबन का आदेश जारी किया है. कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने कहा है कि यदि जांच में ज्ञान तिवारी दोषी पाया जाता है तो उसे सजा मिलनी चाहिए. वहीं, अगर वह जांच में निर्दोष पाया जाता है तो पार्टी में उसका स्वागत रहेगा. फिलहाल पुलिस की जांच जारी है. मामले में सबसे अहम सवाल यही है कि छात्रा की आत्महत्या के पीछे क्या परिस्थितियां थीं और पुलिस की जांच में ज्ञान तिवारी के खिलाफ लगाए गए आरोपों को लेकर क्या तथ्य सामने आते हैं. गिरफ्तारी के बावजूद मामले में दोष साबित होना अभी बाकी है.