PM मोदी को पुतिन ने दी बधाई ,कहा – वैश्विक मंच पर आपका बड़ा रुतबा …

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज अपना 76वां जन्मदिन मना रहे हैं। इस मौके पर रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने उन्हें खास संदेश भेजकर जन्मदिन की बधाई दी है। भारत में रूसी दूतावास की ओर से साझा किए गए संदेश में पुतिन ने प्रधानमंत्री मोदी की राजनीतिक समझ और दूरदर्शिता की तारीफ की। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी को अपने देशवासियों का गहरा सम्मान हासिल है और वैश्विक मंच पर भी उनका बड़ा रुतबा है।

👉पुतिन ने पीएम मोदी की राजनीतिक समझ की तारीफ की

रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने अपने संदेश में भारत और रूस के संबंधों को भी प्रमुखता से रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच विशेष और विशेषाधिकार प्राप्त रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने में प्रधानमंत्री मोदी के व्यक्तिगत योगदान को शब्दों में व्यक्त करना मुश्किल है। पुतिन के मुताबिक, पीएम मोदी से बातचीत हमेशा उनके लिए खुशी की बात होती है और दोनों नेताओं के बीच संवाद ने उनकी राजनीतिक समझ और दूरदर्शिता को सामने रखा है।

👉भारत दौरे का भी किया जिक्र

अपने संदेश में पुतिन ने अपनी हालिया नई दिल्ली यात्रा को भी याद किया। उन्होंने भारत में रूसी प्रतिनिधिमंडल को मिले स्वागत और मेहमाननवाजी के लिए आभार जताया। पुतिन ने कहा कि भारत और रूस के बीच हुई बातचीत ठोस, खुली और सार्थक रही। उन्होंने आगे कहा कि दोनों देश अपने-अपने हितों के साथ-साथ मित्र देशों के फायदे के लिए महत्वपूर्ण द्विपक्षीय और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर रचनात्मक सहयोग जारी रखेंगे।

👉76वें जन्मदिन पर देशभर में कार्यक्रम

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्म 17 सितंबर 1950 को गुजरात के वडनगर में हुआ था। उनके 76वें जन्मदिन के साथ उनके सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने का अवसर भी जोड़ा जा रहा है। इस मौके पर देश के अलग-अलग हिस्सों में सेवा और जनभागीदारी से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। 2026 में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान भी चलाया जा रहा है, जिसमें जनभागीदारी, स्वच्छता अभियान और अन्य गतिविधियों पर जोर दिया गया है।

👉’आशीर्वाद का दीया’ से लेकर सेवा कार्यक्रम तक

प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर ‘आशीर्वाद का दीया’ के तहत लोगों से घरों में दीप जलाने की अपील भी की गई है। अलग-अलग राज्यों में रक्तदान, पौधारोपण, स्वच्छता अभियान और सामाजिक सेवा से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। सरकारी कार्यक्रमों में भी 17 सितंबर को स्वच्छता और जनभागीदारी से जोड़कर अभियान चलाने पर जोर दिया गया है।