भोपाल। मध्य प्रदेश सरकार राज्य के होनहार और मेधावी छात्रों के सपनों को पंख देने जा रही है। एमपी बोर्ड की कक्षा 12वीं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले स्कूल टॉपर्स को कल यानी 19 सितंबर को ई-स्कूटी वितरित की जाएगी।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भोपाल में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम से प्रदेश के 7,500 से अधिक छात्र-छात्राओं को ई-स्कूटी की सौगात देंगे।
👉भोपाल के सुभाष उत्कृष्ट स्कूल में मुख्य आयोजन
ई-स्कूटी वितरण का यह मुख्य समारोह राजधानी भोपाल के शिवाजी नगर स्थित शासकीय सुभाष उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में भोपाल और आसपास के जिलों के मेधावी छात्र सीधे शामिल होंगे, जबकि अन्य जिलों के विद्यार्थी और जनप्रतिनिधि वर्चुअली जुड़ेंगे।
👉इन शर्तों को पूरा करने वाले छात्रों को मिलेगा लाभ

‘मुख्यमंत्री स्कूटी योजना’ का लाभ केवल मध्य प्रदेश के शासकीय हायर सेकंडरी स्कूलों के नियमित (Regular) विद्यार्थियों को ही दिया जाता है। इसके लिए दो मुख्य शर्तें तय की गई हैं:
- विद्यार्थी ने पहले प्रयास में कक्षा 12वीं में कम से कम 70 प्रतिशत अंक प्राप्त किए हों।
- विद्यार्थी ने अपने संबंधित शासकीय स्कूल में 12वीं कक्षा में सर्वोच्च अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया हो।
👉अब तक 250 करोड़ रुपये खर्च कर चुकी है सरकार
राज्य में स्कूली शिक्षा को प्रोत्साहन देने और दूर-दराज़ से आने वाले विद्यार्थियों को आवागमन में सहूलियत देने के उद्देश्य से यह योजना चलाई जा रही है। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, मध्य प्रदेश सरकार अब तक 23 हजार से अधिक मेधावी छात्र-छात्राओं को इस योजना के तहत स्कूटी प्रदान कर चुकी है। इस जनकल्याणकारी योजना पर सरकार अब तक लगभग 250 करोड़ रुपये का बजट खर्च कर चुकी है।
