TMC के नाम – चुनाव चिन्ह पर झटका , कांग्रेस बोली – ज्ञानेश कुमार ने PM को दिया बर्थडे गिफ्ट,फैसला-ममता गुट को कमजोर करने का प्रयास …

नई दिल्ली। कांग्रेस ने गुरुवार को चुनाव आयोग के अंतरिम फैसले की आलोचना की, जिसमें पश्चिम बंगाल विधानसभा के आगामी उपचुनावों में तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के दोनों प्रतिद्वंद्वी गुटों को पार्टी के नाम और आरक्षित चुनाव चिह्न के इस्तेमाल से रोक दिया गया है। कांग्रेस महासचिव के.सी. वेणुगोपाल ने इसे मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का मोदी जी को लेट नाइट बर्थडे गिफ्ट बताया। एक्स पर पोस्ट में उन्होंने आरोप लगाया कि यह फैसला ममता बनर्जी के गुट को कमजोर करने का प्रयास है।

वेणुगोपाल ने लिखा कि एआईटीसी के नाम और चिह्न को फ्रीज करना, भाजपा द्वारा असंवैधानिक कब्जे के बाद – सीईसी ज्ञानेश कुमार का मोदी जी को लेट नाइट बर्थडे गिफ्ट है। ममता बनर्जी के नेतृत्व में भाजपा के खिलाफ लड़ने वालों को अब उनके खिलाफ विद्रोह करने और दलबदल का मौका दिया जा रहा है। आगे कहा कि चुनाव आयोग ने एक बार फिर साबित कर दिया कि वह भाजपा के हाथ की कठपुतली है। शिवसेना, एनसीपी और अब एआईटीसी – जो भी भाजपा का विरोध करता है, उसकी चुनावी पहचान छीन ली जाती है। हम इसकी निंदा करते हैं और मांग करते हैं कि चुनाव आयोग तुरंत दो पत्तियों का चिह्न ममता बनर्जी को बहाल करे।