खेल । अमन सहरावत ने गोल्ड मेडल जीत लिया है. उन्होंने पुरुषों के 57 किलोग्राम इवेंट के फाइनल में वर्ल्ड नंबर-1 पहलवान को चित्त कर दिया. मुकाबला आखिरी मिनट तक रोमांचक बना रहा, जिसमें अमन ने नॉर्थ कोरिया के चोंग सोंग को 11-7 से हराकर स्वर्ण पदक जीत लिया है.
यह 2026 एशियन गेम्स में भारत का 20वां और कुश्ती में कुल दूसरा गोल्ड मेडल है. यह अमन सहरावत का एशियन गेम्स में पहला गोल्ड मेडल है. 2022 के एशियाई खेलों में उन्हें ब्रॉन्ज मेडल से संतोष करना पड़ा था.

कुश्ती का मुकाबला 6 मिनट तक चलता है, जिसमें तीन-तीन मिनट के 2 राउंड खेले जाते हैं. अमन ने 2-0 से शुरुआती बढ़त हासिल कर ली थी और पहले 3 मिनट समाप्त होने तक भी अपने कोरियाई प्रतिद्वंदी से आगे चल रहे थे. मगर चोंग सोंग ने अगले 3 मिनट में दिखाया कि वह क्यों वर्ल्ड नंबर-1 हैं. उन्होंने मुकाबले के चौथे और पांचवें मिनट को पूरी तरह डोमिनेट किया, जबकि अमन सहरावत थके हुए नजर आने लगे थे.
👉आखिरी मिनट में पलटा मैच
जब मुकाबले में सिर्फ एक मिनट बचा था, तब चोंग सोंग को अमन पर 7-6 की बढ़त हासिल थी. जिस तरह नॉर्थ कोरियाई पहलवान आक्रामक रुख दिखा रहा था, उससे लग रहा था कि अब अमन सहरावत पिछड़ते चले जाएंगे. मगर आखिरी एक मिनट में चोंग सोंग अपनी ही आक्रामकता में फंसते चले गए, जिसका फायदा अमन को मिला.
आखिरी मिनट में अमन ने अपने विरोधी पहलवान के टेकडाउन के प्रयास पर काउंटर अटैक किया और जवाब में उसे ही मैट पर पटकते हुए 2 महत्वपूर्ण अंक हासिल कर लिए. इसी बीच नॉर्थ कोरियाई खेमे ने रेफरी के फैसले को चैलेंज भी किया, लेकिन वह उन्हीं पर उल्टा पड़ा. अंत में अमन सहरावत ने 11-7 से जीत दर्ज की.
👉भारत के पास 20 गोल्ड मेडल
अमन सहरावत ने भारत को एशियन गेम्स में 20वां गोल्ड मेडल दिलाया. अब तक 2026 एशियन गेम्स में भारत ने 20 गोल्ड, 26 सिल्वर और 36 ब्रॉन्ज मेडल जीत लिए हैं. भारतीय खिलाड़ियों ने अब तक कुल मिलाकर 82 पदक जीत लिए हैं और मेडल टेबल में भारत पांचवें स्थान पर है.
