UP : मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ उग्र हुई कांग्रेस ,आगरा स्थित आवास पर पोती कालिख ,गद्दार बताकर मांगा इस्तीफा …

उत्तरप्रदेश -आगरा। मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के विजय नगर कॉलोनी स्थित पैतृक आवास पर सोमवार सुबह कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के संगठन महासचिव अनिल यादव और मथुरा के जिला अध्यक्ष मुकेश धनगर के नेतृत्व में करीब 11 बजे प्रदर्शनकारी हाथों में बैनर लेकर पहुंचे। वहीं फिरोजाबाद में भी प्रदर्शन किया गया। मैनपुरी जिले में भी कांग्रेसियों ने प्रदर्शन किया।

प्रदर्शनकारियों ने आवास के गेट पर कालिख पोत दी और काले पेंट से ‘ज्ञानेश कुमार गद्दार हैं’ लिख दिया। इसके बाद कुछ देर तक नारेबाजी करते हुए मुख्य निर्वाचन आयुक्त के इस्तीफे की मांग की।

प्रदर्शन के दौरान मौके पर पुलिस फोर्स मौजूद नहीं था। प्रदर्शनकारी कुछ देर नारेबाजी करने के बाद वहां से चले गए। उनके जाने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और गेट पर पोती गई कालिख व लिखे गए शब्दों को साफ कराया। पुलिस अब इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहे फोटो और वीडियो के साथ आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर प्रदर्शनकारियों की पहचान करने में जुटी है। पुलिस ने गेट को साफ करवा दिया है।

👉सुभाष पार्क से कलेक्ट्रेट तक प्रदर्शन

पैतृक आवास पर प्रदर्शन के बाद आगरा महानगर कांग्रेस के नेताओं ने सुभाष पार्क से कलेक्ट्रेट तक विरोध प्रदर्शन किया। इसमें मथुरा से आए कांग्रेस पदाधिकारी और संगठन महासचिव अनिल यादव भी शामिल रहे। प्रदर्शनकारियों ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त के खिलाफ नारेबाजी की और अपनी मांगों को लेकर विरोध जताया।

👉पुलिस पहचान के कर रही है प्रयास

आवास पर हुए प्रदर्शन और गेट पर कालिख पोते जाने की घटना के फोटो व वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहे हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार प्रदर्शनकारियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।

👉पिता ने जताई नाराजगी

पैतृक आवास में ज्ञानेश कुमार के पिता डॉ. सुबोध कुमार रहते हैं। प्रदर्शन के दौरान वह भी घर पर नहीं थे। वे इस प्रदर्शन से आहत हैं। उनका कहना है कि बेटे से अगर कोई नाराजगी है तो उनके सामने विरोध जताएं। यहां विरोध जताने का कोई मतलब नहीं था। कांग्रेसियों ने यहां आकर प्रदर्शन किया। यह गलत है। 6 माह पहले भी ऐसा किया था। उन्हें कुछ नामों की जानकारी मिली है। उनके खिलाफ वे पुलिस से शिकायत करेंगे।

एसआई गौरव गुप्ता की ओर से कांग्रेस नेताओं के खिलाफ जानलेवा हमला, रास्ता अवरोध, सरकारी कार्य में बाधा, गृह अतिचार, दंगा, मारपीट, जान से मारने की धमकी के आरोपों के साथ ही लोक व्यवस्था भंग करने की धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया है। मुकदमे में आठ नामजद और 20 अज्ञात शामिल हैं। मुकदमे में मुकेश धनगर, अनिल यादव, राजेश, मुकेश गौड़, करण सिंह निषाद, विक्रम वाल्मीकि, उमेश शर्मा, राजा गौतम नामजद हैं। आरोपित सीसीटीवी फुटेज से चिन्हित किए गए हैं। सभी की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।