IND V NEWZELAND T20I: 4 साल बाद भुवनेश्वर कुमार की वापसी, बुमराह बाहर, वैभव, संजू, अभिषेक टीम में; न्यूजीलैंड सीरीज के लिए टीम इंडिया का टी20 स्क्वाड

खेल। भारत का आगामी न्यूजीलैंड दौरे के लिए टी20 टीम का ऐलान हो गया है। इस टीम में सबसे बड़ी बात है कि भुवनेश्वर कुमार की वापसी हुई है। भुवी ने नवंबर 2022 में आखिरी टी20 इंटरनेशनल खेला था और यही उनका आखिरी इंटरनेशनल मैच था। अब तकरीबन चार साल बाद वह टीम में लौटे हैं। जबकि जसप्रीत बुमराह को इस टीम में जगह नहीं मिली है।

वरुण चक्रवर्ती भी टी20 टीम में लौटे हैं। नमन धीर, प्रिंस यादव, मयंक यादव को इस दौरे के लिए भी टीम में चुना गया है। यह तीनों खिलाड़ी मौजूदा वेस्टइंडीज सीरीज में भी शामिल हैं। रवि बिश्नोई को बाहर किया गया है। हार्दिक पंड्या और हर्षित राणा की वापसी नहीं हुई है। नितीश कुमार रेड्डी पर फिर से सभी की नजरें होंगी।

👉न्यूजीलैंड टी20 सीरीज के लिए भारत का स्क्वाड

श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा (उपकप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), इशान किशन (विकेटकीपर), वैभव सूर्यवंशी, अक्षर पटेल, शिवम दुबे, नितीश कुमार रेड्डी, नमन धीर, प्रिंस यादव, मयंक यादव, अर्शदीप सिंह, भुवनेश्वर कुमार, वरुण चक्रवर्ती, कुलदीप यादव।

👉भारत-न्यूजीलैंड टी20 सीरीज का शेड्यूल

पहला टी20: 22 अक्टूबर 2026, क्राइस्टचर्च (दोपहर 12.30 बजे IST)

दूसरा टी20: 24 अक्टूबर 2026, क्राइस्टचर्चा (दोपहर 12.30 बजे IST)

तीसरा टी20: 27 अक्टूबर 2026, वेलिंगटन (दोपहर 12.30 बजे IST)

चौथा टी20: 30 अक्टूबर 2026, ऑकलैंड (दोपहर 12.30 बजे IST)

पांचवां टी20: 1 नवंबर 2026, हैमिल्टन (दोपहर 12.30 बजे IST)

👉भुवनेश्वर कुमार का कैसा रहा रिकॉर्ड?

भुवनेश्वर कुमार ने आखिरी इंटरनेशनल मैच नवंबर 2022 में न्यूजीलैंड में ही न्यूजीलैंड के खिलाफ खेला था। उसके बाद से वह टीम इंडिया से दूर थे। आईपीएल में पिछले 4 सीजन उनका बेहतरीन प्रदर्शन रहा। खासतौर से आरसीबी के लिए पिछले सीजन 16 मैच में 28 विकेट लेकर टीम को चैंपियन बनाने में उन्होंने अहम योगदान दिया था। उसके बाद से लगातार उन्हें टीम में लाने की चर्चा हो रही थी।

👉तीनों फॉर्मेट में शानदार है करियर

अगर भुवनेश्वर कुमार के अब तक के अंतरराष्ट्रीय करियर आंकड़ों पर नजर डालें तो उन्होंने तीनों फॉर्मेट में भारत के लिए शानदार प्रदर्शन किया है। उन्होंने 21 टेस्ट मैचों में 26.09 की औसत से 63 विकेट चटकाए हैं जिसमें चार बार एक पारी में 5 विकेट लेने का कारनामा शामिल है। वनडे क्रिकेट में भुवी ने 121 मैचों में 141 विकेट झटके हैं जहां उनका इकॉनमी रेट मात्र 5.08 रहा है। वहीं, टी20 अंतरराष्ट्रीय फॉर्मेट में वह भारत के सबसे सफल तेज गेंदबाजों में से एक रहे हैं जिन्होंने 87 मुकाबलों में 6.96 के बेहतरीन इकॉनमी रेट से 90 विकेट अपने नाम किए हैं। तीनों फॉर्मेट में मिलाकर उनके नाम 294 अंतरराष्ट्रीय विकेट दर्ज हैं

👉हॉन्ग कॉन्ग सिक्सेज में कर रहे कप्तानी

इस बीच, न्यूजीलैंड दौरे से पहले भुवनेश्वर कुमार को एक और बड़ी और अहम जिम्मेदारी सौंपी गई है। आगामी हॉन्ग कॉन्ग सिक्सेज टूर्नामेंट में वह भारतीय टीम की कप्तानी करते नजर आएंगे। हॉन्ग कॉन्ग सिक्सेज का फॉर्मेट काफी अनोखा और तेजतर्रार होता है। 6 खिलाड़ियों वाले इस फॉर्मेट में मुकाबले बेहद छोटे होते हैं जहां पलक झपकते ही मैच का रुख बदल जाता है। ऐसे में मैदान पर तुरंत और सटीक फैसले लेने की जरूरत होती है। भुवनेश्वर की कप्तानी और दबाव भरे पलों में शांत रहकर रणनीति बनाने की क्षमता भारत के लिए इस टूर्नामेंट में बेहद निर्णायक साबित हो सकती है।