दीपका। एसईसीएल दीपका कोयला खदान क्षेत्र में बुधवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। आउटसोर्सिंग कंपनी कलिंगा के डंपर में अचानक आग भड़क उठी। कुछ ही देर में आग ने पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया और करीब 2 करोड़ रुपये कीमत का डंपर जलकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

बताया जा रहा है कि डंपर के इंजन वाले हिस्से से अचानक चिंगारी निकली, जिसके बाद वाहन में आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपटें तेज हो गईं और पूरा डंपर धू-धूकर जलने लगा। खदान में मौजूद कर्मचारियों ने आग पर काबू पाने की कोशिश की, लेकिन लपटें इतनी तेज थीं कि तत्काल आग बुझाना मुश्किल हो गया।
घटना के दौरान डंपर चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए समय रहते वाहन से बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली। हादसे में किसी के घायल होने या जनहानि की सूचना नहीं है। प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण इलेक्ट्रिकल सिस्टम में शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। घटना के बाद खदान क्षेत्र में कुछ समय तक अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही। आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
