CG : 18 IPS अधिकारियों का तबादला, कई जिलों के पुलिस अधिकारियों को मिली नई जिम्मेदारी …

रायपुर । छत्तीसगढ़ शासन के गृह (पुलिस) विभाग ने भारतीय पुलिस सेवा (IPS) के 18 अधिकारियों की पदस्थापना में बदलाव करते हुए नई जिम्मेदारियां सौंपी हैं। 9 अक्टूबर को जारी आदेश के अनुसार, वर्ष 2021, 2022, 2023 और 2024 बैच के अधिकारियों सहित विभिन्न पदों पर तैनात पुलिस अफसरों की नई पदस्थापना की गई है। आदेश तत्काल प्रभाव से आगामी आदेश तक अस्थायी रूप से लागू रहेगा।

जारी आदेश के मुताबिक, आईपीएस अमन कुमार झा को पुलिस मुख्यालय, नवा रायपुर में एसआईए (SIA) का पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। वहीं, आईपीएस अजय कुमार को एसआईबी (SIB) के पुलिस अधीक्षक की जिम्मेदारी सौंपी गई है। आईपीएस रविंद्र कुमार मीणा को पुलिस मुख्यालय में चिटफंड एवं महिला विरुद्ध अपराध का पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है।

इसके अलावा, आईपीएस आकाश श्री श्रीमाल, अक्षय प्रमोद सबद्रा और आकाश कुमार शुक्ला को पुलिस मुख्यालय में सहायक पुलिस महानिरीक्षक (AIG) के अलग-अलग दायित्व सौंपे गए हैं। वहीं, आईपीएस रोहित कुमार शाह को बीजापुर में छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल की 15वीं वाहिनी में सेनानी बनाया गया है।

👉प्रशिक्षु अधिकारियों को भी मिली नई पदस्थापना

आदेश के तहत प्रशिक्षु आईपीएस अधिकारियों की पदस्थापना में भी बदलाव किया गया है। आईपीएस साकोरे मानसी नानाभाऊ को रायपुर में सहायक पुलिस आयुक्त, आजाद चौक की जिम्मेदारी दी गई है। आईपीएस आदित्य कुमार को राजनांदगांव में नगर पुलिस अधीक्षक बनाया गया है, जबकि आईपीएस प्रतीक बंसोड़ को अंबिकापुर में नगर पुलिस अधीक्षक की जिम्मेदारी सौंपी गई है। गृह विभाग के आदेश में संबंधित जिलों के वरिष्ठतम अधीनस्थ अधिकारियों को पदस्थापना से संबंधित अधिकारियों का कार्यभार सौंपने के निर्देश भी दिए गए हैं।