तबाही मचाकर आगे बढ़ा चक्रवात ‘अर्नब ‘, आंध्र में 5 की मौत, दिल्ली से बंगाल तक बारिश,चेक करें अलर्ट

आंध्रप्रदेश । चक्रवात अर्नब ने आंध्र प्रदेश से लेकर ओडिशा तक भारी बारिश, तेज हवाओं और तबाही का असर छोड़ा है। आंध्र प्रदेश में 5 लोगों की जान चली गई, जबकि हजारों लोगों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाना पड़ा है।

खेतों में खड़ी फसलें डूब गईं, कई इलाकों में बिजली के खंभे गिर गए और सड़कें भी प्रभावित हुई हैं।

उधर ओडिशा के 17 जिलों में भारी बारिश का असर देखने को मिला है। इस बीच दिल्ली-NCR में भी सुबह-सुबह मौसम ने करवट ली। कहीं बूंदाबांदी हुई तो कहीं तेज बारिश देखने को मिली। मौसम विभाग ने दिल्ली के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।

👉आंध्र प्रदेश में चक्रवात ने कितनी तबाही मचाई?

चक्रवात अर्नब ने 28 अक्टूबर 2026 की सुबह आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में दस्तक दी। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, यह तूफान आंध्र प्रदेश और पुडुचेरी के यानम क्षेत्र के तट से बेहद गंभीर चक्रवाती तूफान के रूप में गुजरा। उस वक्त इसकी रफ्तार 125 से 135 किलोमीटर प्रति घंटा थी। हवा के झोंकों की रफ्तार 150 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच रही थी।

तूफान का असर विशाखापत्तनम, काकीनाडा, कोनसीमा, पूर्वी गोदावरी, पश्चिमी गोदावरी, एलुरु और कृष्णा जिले में देखने को मिला। कई जगह पेड़ उखड़ गए, बिजली की लाइनें टूट गईं और सड़कें बंद हो गईं। विशाखापत्तनम में बीच रोड और सीताम्माधारा इलाके में पेड़ गिरने से आवाजाही प्रभावित हुई। काकीनाडा में भी कई जगह पेड़ और बिजली की लाइनें क्षतिग्रस्त हुईं।

मौसम विभाग ने पहले बापटला से विशाखापत्तनम के बीच तट से टकराने की आशंका जताई थी। काकीनाडा और यानम के निचले इलाकों में समुद्र का पानी चढ़ने से बाढ़ का खतरा भी बताया गया था। अनुमान था कि समुद्र में ज्वार के सामान्य स्तर से 1।5 से 2।5 मीटर तक ऊंची लहरें उठ सकती हैं।

अक्टूबर के आखिर में बिगड़ा मौसम का मिजाज! चक्रवात अर्नब के कारण कई जिलों में केजी से 12वीं तक स्कूल बंद

Five Killed in Andhra Pradesh: पांच लोगों की मौत, परिवारों को 5 लाख रुपये

चक्रवात की वजह से आंध्र प्रदेश में पांच लोगों की मौत हुई है। मुख्यमंत्री एन। चंद्रबाबू नायडू ने बुधवार को अमरावती में इसकी जानकारी दी। उन्होंने मृतकों के परिवारों को पांच-पांच लाख रुपये की आर्थिक मदद देने का ऐलान किया।

मृतकों में दो लोग विशाखापत्तनम क्षेत्र के थे। इनमें एक व्यक्ति की मौत बिजली की लाइन पर पेड़ गिरने से हुई, जबकि दूसरे की जान बिजली का खंभा गिरने से चली गई। भीमावरम में एक व्यक्ति पर ताड़ का पेड़ गिर गया। अनकापल्ली जिले में एक महिला की करंट लगने से मौत हो गई। वहीं, साक्रेटिपल्ली में दीवार गिरने से एक वाहन उसकी चपेट में आ गया और उसमें सवार महिला की जान चली गई।

प्रशासन ने प्रभावित परिवारों के लिए राहत का ऐलान भी किया है। जिन घरों में पानी भर गया है, उन्हें 25 किलो चावल दिया जाएगा। मछुआरों और हथकरघा बुनकरों के परिवारों को 50 किलो चावल मिलेगा। इसके साथ दाल, प्याज, चीनी, आलू और पाम ऑयल भी दिया जाएगा।

राहत शिविरों में रहने वाले लोगों को प्रति व्यक्ति 1,000 रुपये मिलेंगे। एक परिवार को अधिकतम 3,000 रुपये दिए जाएंगे। जिन घरों को आंशिक नुकसान पहुंचा है, उनके मालिकों को 10,000 रुपये की मदद मिलेगी। धान, कपास, मूंगफली और गन्ने की फसल को नुकसान झेलने वाले किसानों को प्रति हेक्टेयर 25,000 रुपये देने की घोषणा की गई है।