शादी के 8 बरस बाद भी बच्चा नहीं हुआ तो पति को पत्नी ने जिंदा जलाया

मध्य प्रदेश: खबर मध्य प्रदेश के बोरडाबरा गांव से है जहां करवाचौथ वाले दिन एक महिला ने अपने पति पर मिट्टी का तेल डालकर आग लगा दी। उपचार के दौरान गंभीर रूप से झुलसे पति की मौत हो गई। पुलिस ने पति की हत्या के आरोप में आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार बोरडाबरा निवासी तोप सिंह की शादी करीब 8 साल पहले हिरलबाई के साथ हुई थी। बताया जाता है कि शादी के आठ साल बाद भी दोनों के कोई संतान नही हो पाई थी। जिस कारण दोनों पति-पत्नी के बीच रोजाना झगड़ा होता रहता था। घटना वाले दिन विवाद इतना बढ़ गया कि पत्नी हिरलबाई ने रात करीब डेढ़ बजे केरोसीन डालकर पति तोप सिंह को आग के हवाले कर दिया।

तोप सिंह के चीखने की आवाज सुनकर आस-पास के लोग उनके घर पहुंचे और पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश की लेकिन तब तक वो बुरी तरह झुलस चुके थे। नाजुक हालत में उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने पति की मौत के बाद हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है। गंधवानी थाना के प्रभारी जयराज सोलंकी ने बताया कि मौत से पहले पीड़ित पति का भी बयान लिया गया और उसी आधार पर महिला को गिरफ्तार कर लिया गया।