छत्तीसगढ़: पति की मौत बर्दाश्त नहीं कर पाई पत्नी, हॉस्पिटल में कर ली खुदकुशी

रायपुर – पति की मौत से परेशान महिला ने हॉस्पिटल में खुदकुशी कर ली। प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना रायपुर के डीकेएस अस्पताल की है।
महिला ने अपने वॉट्सएप पर स्टेटस में लिखा ‘अलविदा दोस्तों भूल-चूक माफ करना’। इसके बाद अपनी जान दे दी।
महिला का नाम निकहत अंजुम है। 45 साल की निकहत अपने पति जाहिद अली की देखरेख करने के लिए अस्पताल में आई थी। करीब एक सप्ताह से जाहिद का यहां इलाज चल रहा था।

जानकारी के मुताबिक गोलबाजार थाने में रविवार की सुबह जाहिद के मामा अकील रहमान ने इस घटना की जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि निकहत ने अस्पताल में एक पॉलीथिन को गले में बांध लिया था, इससे दम घुटने से उसकी मौत हो गई। केस में जांच जारी है। अकील रहमान ने बताया कि जाहिद भिलाई तीन में अपनी पत्नी निकहत के साथ रहता था।। पिछले कई दिनों से बीमार था।

लॉकडाउन ने छीना काम

जाहिद के मामा अकील ने बताया कि लॉकडाउन की वजह से उसका काम छिन गया था। वो एक ट्रांसपोर्ट कंपनी में काम करता था।माली हालत भी ठीक नहीं थी। बीमारी भी बढ़ रही थी। डॉक्टर्स ने बताया कि टीबी की वजह से इंफेक्शन बुरी तरह से बढ़ गया था। इसी वजह से उसकी मौत हुई ।
निकहत का वॉट्सएप स्टेटस देखकर परिजनों ने उसे फोन किया मगर किसी ने फोन नहीं उठाया। बाद में जब अस्पताल के लोगों की नजर फोन पर पड़ी तो उन्होंने कॉल रीसीव किया और घटना की जानकारी दी।