जांजगीर। छत्तीसगढ़ के जांजगीर में गुरुवार देर रात एक राइस मिल में आग लग गई। हादसे का पता सुबह कर्मचारियों को लगा। उन्होंने डायल-112 को सूचना दी। फिर खुद भी आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग इतनी भयानक थी कि उसे घंटों की मशक्कत के बाद काबू किया जा सका। हालांकि तब तक आग से बारदाना, धान सहित अदंर रखा सामान जलकर खाक हो चुका था। आग से एक करोड़ से ज्यादा का नुकसान बताया जा रहा है। मिल में कई मशीनों को भी आग से नुकसान हुआ है।
जांजगीर क्षेत्र के मुनुंद रोड पर मिथलेश अग्रवाल की विनायक राईस मिल है। सुबह करीब 6 बजे कर्मचारियों को पता चला कि मिल में आग लग गई है। इसके बाद वह खुद ही बुझाने के प्रयास में जुट गए। सूचना मिलने पर पुलिस और फायर ब्रिगेड भी पहुंच गई। तब तक आग ने विकराल रूप ले लिया था। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। बताया जा रहा है कि आग देर रात ही मिल में लग गई थी, लेकिन जानकारी नहीं मिल सकी। मिल में रखे करीब 80 हजार बारदाने जलकर खाक हो गए। मिल संचालक मिथलेश अग्रवाल ने बताया कि आग से करीब 80 हजार बारदाना जलकर खाक हो गया है। इसके साथ ही काफी मात्रा में धान भी जला है और मशीनों को भी नुकसान हुआहै। आग लगने का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं है। अंदेशा जताया जा रहा है कि शार्ट सर्किट के चलते हादसा हुआ है। मिल के अंदर से अभी तक धुआं उठ रहा है। आग से करीब एक से डेढ़ करोड़ का नुकसान होने का दावा मिल संचालक ने किया है।