मुम्बई। कमाल राशिद खान को मुंबई की मलाड पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मुंबई एयरपोर्ट पर उतरने के बाद उन्हें पुलिस ने अपनी गिरफ्त में ले लिया है।वहीं, अब आज मंगलवार को उन्हें बोरीवली कोर्ट में पेश किया जाएगा। कमाल राशिद खान एक बार फिर अपने ट्वीट्स के कारण विवादों में फंस गए हैं।
दरअसल, मलाड पुलिस ने 2020 में उनके विवादित ट्वीट को लेकर गिरफ्तार किया है। केआरके और अभिनेता के खिलाफ मलाड पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई गई थी, जिसके बाद ये कार्रवाई हुई है।
सितारों पर साधते हैं निशाना
बता दें कि ये पहली बार नहीं है जब केआरके मुश्किलों में फंसे हों। वह अक्सर अपने विवादित ट्वीट्स के जरिए सुर्खियां बटोरते रहते हैं। केआरके हमेशा किसी भी फिल्म को लेकर और अभिनेताओं पर टिप्पणी करते रहते हैं। वह बेबाकी से बॉलीवुड पर निशाना साधते रहते हैं। सिर्फ इतना ही नहीं वह आमिर खान, सलमान खान, शाहरुख खान और अक्षय कुमार तक को भला-बुरा कह चुके हैं।।
केआरके पहली बार कानूनी पचड़े में नहीं फंसे हैं। इससे पहले भी उनपर मानहानि का केस किया जा चुका है। बॉलीवुड के दबंग खान ने उनपर केस दर्ज किया था। केआरके ने सलमान खान की फिल्म राधे का निगेटिव रिव्यू दिया था, सिर्फ इतना ही नहीं उन्होंने अभिनेता पर भी निजी तौर से टिप्पणी की थी, जिसके बाद दबंग खान ने उनपर मामला दर्ज कराया था।