राजीव गांधी किसान न्याय योजना की तीसरी किश्त मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने की जारी,जिले के किसानों को 98 करोड़ 37 लाख का हुआ भुगतान

रायगढ़। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज वर्चुअल कार्यक्रम के माध्यम से राज्य शासन की महत्वाकांक्षी योजनाओं के हितग्राहियों के खाते में लगभग 1900 करोड़ रुपये की राशि का अंतरण किया। उन्होंने ने कहा कि 01 नवम्बर को राज्योत्सव के अवसर पर अंतरित की जाने वाली राशि को आगामी दीपावली पर्व को देखते हुए आज प्रदेश के किसानों, मजदूरों, गौपालकों के खाते में राशि अंतरण करते हुए सभी को दीपावली पर्व की शुभकामनाएं दी। साथ ही कहा की राज्य सरकार ने किसानों को उनकी फसल उपज का उचित मूल्य देने, फसल उत्पादकता में वृद्धि, जैविक कृषि एवं फसल विविधीकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य राजीव गांधी किसान न्याय योजना के जरिए किसानों को आदान सहायता राशि दी जा रही है एवं गोधन न्याय योजना के माध्यम से जैविक कृषि को प्रोत्साहित किया जा रहा है, ताकि लोग अधिक से अधिक आर्थिक रूप से सशक्त हो सके।

    जिले में राजीव गांधी किसान न्याय योजना की तीसरी किश्त के रूप में 01 लाख 22 हजार 235 किसानों के खाते में 98 करोड़ 37 लाख 93 हजार रूपए भुगतान किया गया। इसी प्रकार गोधन न्याय योजना के हितग्राहियों के खाते में 19 लाख 37 हजार 472 रूपए का भुगतान किया गया। जिले में आयोजित वर्चुअल कार्यक्रम के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष श्री निराकार पटेल, कलेक्टर श्रीमती रानू साहू, सीईओ जिला पंचायत श्री अबिनाश मिश्रा उपस्थित रहे। 

पुसौर विकासखण्ड के ग्राम-औरदा में आयोजित वर्चुअल कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री बघेल ने हितग्राहियों से चर्चा की। औरदा निवासी श्री दयानिधि ने बताया कि उन्होंने 12 एकड़ में धान और 1 एकड़ में रॉगी तथा 8 डिसमिल में उड़द लगाए है। उन्होंने मुख्यमत्री को दलहन के न्यूनतम समर्थन लागू करने पर धन्यवाद दिया। इस दौरान उन्होंने समर्थन मूल्य पर 21 किलो उड़द की ब्रिकी किया।
मुख्यमंत्री श्री बघेल द्वारा राशि अंतरण के साथ न्यूतम समर्थन मूल्य पर मूंग, उडद एवं अरहर क्रय का शुभारंभ किया। इस दौरान कलेक्टर श्रीमती रानू साहू की उपस्थिति में कछार निवासी श्री तेजवंत सिंह दीवान ने 40 किलो, कौवाताल निवासी विशी केशन साहू ने 30 किलो तथा दयानिधि ओगरे ने 21 किलो उड़द का विक्रय किया।
इस दौरान कलेक्टर श्रीमती रानू साहू ने फसल विविधीकरण कर दलहन फसल लेने पर बिक्री करने आये किसानों का स्वागत किया। उन्होंने किसानों से चर्चा कर उनके द्वारा लगाए गए फसलों की जानकारी ली। इस मौके पर एसडीएम रायगढ़ गगन शर्मा, सीईओ जनपद महेश पटेल, उप संचालक कृषि हरिश राठौर तथा विभागीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

नामांतरण पोर्टल के नये वर्जन का शुभारंभ

मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने आयोजित वर्चुअल कार्यक्रम में प्रदेश में अविवादित नामांतरण एवं खाता विभाजन प्रकरणों के त्वरित एवं समयबद्ध निराकरण हेतु नामांतरण प्रक्रिया को सरलीकृत करते हुए तैयार किए गए ऑनलाईन नामांतरण पोर्टल के नया वर्जन का शुभारंभ किया। जिससे राजस्व प्रकरणों के निराकरण में तेजी आएगी।