सरगुजा जिला प्रशासन की संयुक्त टीम की बड़ी कार्रवाई , 430 बोरी अवैध भंडारित धान जब्त

    अम्बिकापुर ।   धान खरीदी अभियान शुरू होने के साथ ही सरगुजा जिला प्रशासन की चुस्त निगरानी व्यवस्था बिचौलियों पर भारी पड़ने लगी है।  कलेक्टर कुंदन कुमार के नेतृत्व में शनिवार को सँयुक्त टीम ने 460 बोरी अवैध भंडारित धान जब्त किया है। इस कार्रवाई से हड़कम्प मचा हुआ है। 

कलेक्टर कुंदन कुमार के निर्देशानुसार शनिवार को खाद्य, राजस्व एवं कृषि विभाग के अधिकारियों की टीम ने विभिन्न व्यापारियों के गोदामों का आकस्मिक निरीक्षण किया। अम्बिकापुर तहसीलदार भूषण सिंह मंडावी के नेतृत्व में कृष्णा ट्रेडर्स अम्बिकापुर में उपलब्ध धान के स्टॉक की जांच की गई। जांच के दौरान स्टॉक से अधिक भंडारित धान होने पर 430 बोरी धान जब्त की गई। इस प्रकार के मामलों में नए धान के साथ मिलाकर पुराने धान को सोसाइटी में बेचने की संभावना बनी रहती है। इसके मद्देनजर धान की जब्ती बनाकर ट्रेडर्स के सुपुर्द किया गया।
कलेक्टर श्री कुंदन कुमार के निर्देशानुसार मुनाफा खोरी करने के चक्कर में अवैध रूप से भंडारित करने व्यापारियों के यहां औचक निरीक्षण किया जा रहा है। इसी कड़ी में अम्बिकापुर के विभिन्न थोक एवं फुटकर व्यापारियों के गोदामों में लगातार औचक निरीक्षण किया जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि 1 नवंबर से समर्थन मूल्य पर किसानों से धान खरीदी प्रारम्भ हो गया है। इस दौरान व्यापारियों द्वारा स्टॉक से अधिक अवैध रूप से भंडारित धान की जांच पड़ताल की जा रही है। जिले के वास्तविक किसानों से ही धान की खरीदी की जानी है।